Lucknow में LDA की जमीन पर फर्जी NOC बनाकर प्लॉटिंग की तैयारी, रियल एस्टेट कंपनी पर FIR दर्ज
UP/Lucknow: लखनऊ के गोमती नगर विस्तार में सरकारी जमीन पर कब्जा करने और फर्जी कागजात के जरिए प्लॉटिंग करने का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहाँ एक रियल एस्टेट कंपनी ने LDA की अधिग्रहित जमीन को निजी बताकर लोगों को ठगने की क
UP/Lucknow: लखनऊ के गोमती नगर विस्तार में सरकारी जमीन पर कब्जा करने और फर्जी कागजात के जरिए प्लॉटिंग करने का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहाँ एक रियल एस्टेट कंपनी ने LDA की अधिग्रहित जमीन को निजी बताकर लोगों को ठगने की कोशिश की। इस जालसाजी का पता चलने के बाद प्रशासन ने कंपनी और इसमें शामिल अन्य लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह पूरा मामला गोमती नगर विस्तार के ग्राम अरदौनामऊ का है। यहाँ ‘जेनिथ एंड जेनिथ सिविल प्लानर्स प्राइवेट लिमिटेड’ नाम की कंपनी ने विकास कार्य कराने के लिए एक जाली अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) तैयार किया था। इस फर्जी दस्तावेज में सहायक चकबंदी अधिकारी के नाम और हस्ताक्षर का इस्तेमाल किया गया था। धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब यह कथित NOC व्हाट्सएप के जरिए अधिकारी तुलसीराम तक पहुँची। जब LDA ने इसकी जांच की, तो पता चला कि पत्र पर लगी मुहर और किए गए हस्ताक्षर पूरी तरह फर्जी थे।
बता दें कि जिस जमीन पर यह खेल चल रहा था, वह वर्ष 2001 में अमर शहीद पथ गोमती नगर विस्तार योजना के तहत अधिग्रहित की गई थी। इस भूमि का मालिकाना हक राज्य सरकार और लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के पास है। फर्जीवाड़े के सामने आने के बाद LDA के नायब तहसीलदार ने सुशांत गोल्फ सिटी थाने में कंपनी और अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है।
LDA उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी जमीन या प्लॉट को खरीदने से पहले LDA कार्यालय जाकर दस्तावेजों का सत्यापन जरूर करा लें, ताकि वे ऐसे फर्जीवाड़े का शिकार होने से बच सकें।