Lucknow में 7.50 लाख रिश्वत लेते LDA के जेई और सुपरवाइजर गिरफ्तार, मकान बनवाने के बदले मांगे थे 15 लाख

Lucknow: लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस टीम ने एक बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने जोन-5 में तैनात जूनियर इंजीनियर (JE) दिनेश कुमार वर्मा, सुपरवाइजर चंद्र प्रकाश और एक निजी व्यक्ति श्रवण कुमार को

Lucknow: लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस टीम ने एक बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने जोन-5 में तैनात जूनियर इंजीनियर (JE) दिनेश कुमार वर्मा, सुपरवाइजर चंद्र प्रकाश और एक निजी व्यक्ति श्रवण कुमार को 7.50 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया है। यह पूरी कार्रवाई आईजी विजिलेंस मंजिल सैनी के नेतृत्व में की गई।

मामला एक मकान के निर्माण से जुड़ा है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, उसके भवन निर्माण कार्य को न रोकने के बदले में आरोपियों ने कुल 15 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। सबसे पहले निजी व्यक्ति श्रवण कुमार ने आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत का हवाला देकर पैसों की मांग की थी। इसके बाद जेई दिनेश कुमार वर्मा और सुपरवाइजर चंद्र प्रकाश ने एलडीए ऑफिस में इस मांग को दोहराया।

परेशान होकर शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) से संपर्क किया और बताया कि वह रिश्वत की रकम दो किस्तों में 7.50-7.50 लाख रुपये करके देगा। इसी सूचना पर विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और पहली किस्त के तौर पर 7.50 लाख रुपये लेते समय तीनों आरोपियों को दबोच लिया।

विजिलेंस टीम ने आरोपियों के पास से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली है। तीनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। फिलहाल टीम तीनों से पूछताछ कर रही है और आशंका है कि इस मामले में कुछ और लोग भी फंस सकते हैं।