Lucknow के खुर्रमनगर में पेट्रोल पंप के पास कैंटीन में लगी भीषण आग, टला बड़ा हादसा

Lucknow/Khurramnagar: राजधानी लखनऊ के खुर्रमनगर इलाके में शुक्रवार शाम एक पेट्रोल पंप के पास स्थित कैंटीन में भीषण आग लग गई। यह हादसा शाम करीब 4:25 बजे हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि दमकल विभाग ने समय

Lucknow/Khurramnagar: राजधानी लखनऊ के खुर्रमनगर इलाके में शुक्रवार शाम एक पेट्रोल पंप के पास स्थित कैंटीन में भीषण आग लग गई। यह हादसा शाम करीब 4:25 बजे हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि दमकल विभाग ने समय रहते मोर्चा संभाला और आग पर काबू पा लिया, वरना पास में पेट्रोल पंप होने की वजह से एक बहुत बड़ा हादसा हो सकता था।

आग इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप परिसर के अंदर स्थित “पंजाबी फ्लेवर्ड फूड हब” नामक रेस्टोरेंट में लगी थी। यह कैंटीन पेट्रोल पंप से महज 25-30 मीटर की दूरी पर थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पहले एसी के कंप्रेसर में जोरदार धमाका हुआ और उसके बाद आग की लपटें करीब 10 फीट ऊपर तक उठ गईं। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन कैंटीन में रखा लाखों का सामान जलकर खाक हो गया। इसमें दो डीप फ्रीजर, एसी, माइक्रोवेव और पिज्जा ओवन जैसे उपकरण पूरी तरह नष्ट हो गए।

मौके पर दमकल की गाड़ी, SDRF की टीम और स्थानीय लोगों ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। रीजेंसी हॉस्पिटल के कर्मचारियों ने भी आग बुझाने में मदद की। लखनऊ के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) ने पुष्टि की है कि आग अब पूरी तरह बुझ चुकी है और कोई जनहानि नहीं हुई है। हालांकि, जांच में यह बात सामने आई है कि यह कैंटीन बिना किसी वैध फायर एनओसी और प्रशासनिक अनुमति के अवैध रूप से चलाई जा रही थी।

प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि पेट्रोल पंप परिसर में इस रेस्टोरेंट को चलाने की अनुमति कैसे मिली। CFO ने बताया कि अवैध संचालन के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और कैंटीन को सील करने की तैयारी है। गौरतलब है कि लखनऊ में 22 जून से लगातार आगजनी की घटनाएं हो रही हैं, जिस पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने भी नाराजगी जताई है और मामले की जांच चल रही है।