Lucknow में कांवड़ मार्ग पर खुले में मटन-चिकन बेचने पर रोक, केमिकल वाले अनार मिलने पर जूस कॉर्नर सील
Lucknow: सावन महीने की शुरुआत के साथ ही लखनऊ और आसपास के इलाकों में कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। कांवड़ मार्गों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और आस्था का ध्यान रखते हुए खुले में नॉनवेज बेचने पर पूरी तरह रोक ल
Lucknow: सावन महीने की शुरुआत के साथ ही लखनऊ और आसपास के इलाकों में कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। कांवड़ मार्गों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और आस्था का ध्यान रखते हुए खुले में नॉनवेज बेचने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। इसी बीच खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी में जूस कॉर्नर पर जहरीले रंगों से रंगे अनार और सड़ा हुआ मैंगो पल्प मिला है, जिसके बाद कड़ी कार्रवाई की गई है।
लखनऊ के जिलाधिकारी विशाख जी के निर्देश पर FSDA की टीम ने चिनहट, सुल्तानपुर रोड, मोहनलालगंज और बीबीडी समेत कई इलाकों में जांच की। चिनहट स्थित ‘इमरान जूस कॉर्नर’ को सील कर दिया गया है, जहां से 10 किलो केमिकल वाले अनार और भारी मात्रा में सैकरिन बरामद हुआ। वहीं अनौरा कला में बिना लाइसेंस चल रहे ‘मटन जंक्शन’ को सरकारी आदेशों के उल्लंघन के कारण तुरंत बंद कराया गया। टीम ने करीब 59 खाद्य सामग्रियों की जांच की और एक्सपायर्ड काली मिर्च पाउडर व अमानक सेंट को नष्ट कर दिया।
उत्तर प्रदेश सरकार ने कांवड़ यात्रा के लिए ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाई है। मुख्य सचिव एस.पी. गोयल और डीजीपी राजीव कृष्ण ने स्पष्ट किया है कि यात्रा के दौरान कोई भी हादसा या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शासन ने आदेश दिया है कि सभी खाद्य दुकानों के पास वैध लाइसेंस और फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड होना जरूरी है।
केवल लखनऊ ही नहीं, बल्कि प्रदेश के अन्य जिलों में भी सख्ती जारी है। हापुड़, मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद और सहारनपुर में मांस और शराब की दुकानें तय समय तक बंद रहेंगी। मुजफ्फरनगर में तो होटलों और ढाबों में प्याज और लहसुन के इस्तेमाल पर भी पाबंदी लगा दी गई है। वहीं वाराणसी नगर निगम ने भी अवैध मांस विक्रेताओं के खिलाफ अभियान चलाकर तीन दुकानें बंद कीं और 24,500 रुपये का जुर्माना वसूला।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर विकास विभाग ने कांवड़ मार्गों पर 24 घंटे पीने का पानी, मोबाइल शौचालय, बेहतर रोशनी और विश्राम स्थलों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। परिवहन विभाग ने अतिरिक्त बसों के संचालन का इंतजाम किया है ताकि शिवरात्रि तक यात्रा सुचारु रूप से पूरी हो सके।