Lucknow-Kanpur Expressway का 13 जुलाई को होगा उद्घाटन, 45 मिनट में पूरा होगा सफर; देख लीजिए टोल की नई दरें
UP/Lucknow: लखनऊ और कानपुर के बीच सफर करने वाले लोगों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह आगामी 13 जुलाई 2026 को बहुप्रतीक्षित लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करेंगे। इस कार्यक्र
UP/Lucknow: लखनऊ और कानपुर के बीच सफर करने वाले लोगों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह आगामी 13 जुलाई 2026 को बहुप्रतीक्षित लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करेंगे। इस कार्यक्रम में उनके साथ केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी मौजूद रहेंगे। इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से दोनों शहरों के बीच की दूरी तय करने में लगने वाला समय 2 घंटे से घटकर मात्र 35 से 45 मिनट रह जाएगा।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने इस प्रोजेक्ट को तैयार किया है। 63 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे फिलहाल छह लेन का है, जिसे भविष्य में जरूरत पड़ने पर आठ लेन तक बढ़ाया जा सकता है। एक्सप्रेसवे पर सफर सुरक्षित बनाने के लिए इसमें इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम लगाया गया है, जिसमें हाई-टेक कैमरे और स्पीड रडार शामिल हैं।
टोल दरों की पूरी जानकारी
एक्सप्रेसवे पर आम जनता के लिए टोल की वसूली 14 जुलाई से शुरू की जाएगी। प्रशासन ने टोल की दरों को लेकर पूरी लिस्ट जारी कर दी है।
| यात्रा विवरण | टोल दर (रुपये में) |
|---|---|
| कार/हल्के वाहन (एक तरफ) | 275 |
| 24 घंटे के भीतर वापसी यात्रा | 415 |
| वार्षिक FASTag पास (200 यात्रा के लिए) | 3,075 |
| दोपहिया और तिपहिया वाहन | प्रवेश वर्जित |
इस एक्सप्रेसवे के बनने से लखनऊ, उन्नाव और कानपुर के बीच व्यापार और निवेश को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है। पर्यावरण का ध्यान रखते हुए विभाग ने सड़क के किनारे लगभग 46,000 पेड़ लगाने की योजना बनाई है। इसके अलावा, उद्घाटन समारोह के दिन ही लखनऊ के इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर बनने वाले 108 करोड़ रुपये के फ्लाईओवर का शिलान्यास भी किया जाएगा, जिससे शहर के भीतर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी।
NHAI के अधिकारियों के अनुसार, यह एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश की राजनीतिक राजधानी और औद्योगिक केंद्र को जोड़ने वाली सबसे तेज और सुरक्षित सड़क साबित होगी। उन्नाव में यह सड़क आने वाले गंगा एक्सप्रेसवे से भी जुड़ी होगी, जिससे दिल्ली और प्रयागराज की तरफ जाना भी आसान हो जाएगा।