Lucknow-Kanpur Expressway होगा 10 लेन का, हर दिन गुजर सकेंगी 4 लाख गाड़ियां

UP: लखनऊ और कानपुर के बीच सफर करने वालों के लिए बड़ी खबर है। भविष्य में ट्रैफिक के दबाव को देखते हुए लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे को 10 लेन तक बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। इस विस्तार के बाद एक्सप्रेसवे पर हर दिन करीब 4 लाख

UP: लखनऊ और कानपुर के बीच सफर करने वालों के लिए बड़ी खबर है। भविष्य में ट्रैफिक के दबाव को देखते हुए लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे को 10 लेन तक बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। इस विस्तार के बाद एक्सप्रेसवे पर हर दिन करीब 4 लाख वाहन आसानी से चल सकेंगे।

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने इस योजना पर काम शुरू कर दिया है। अच्छी बात यह है कि NHAI के पास पहले से ही पर्याप्त जमीन है, इसलिए इस विस्तार के लिए अलग से जमीन खरीदने या अधिग्रहण करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। फिलहाल यह एक्सप्रेसवे 6 लेन का है, लेकिन इसे पहले 8 और फिर 10 लेन तक ले जाने की पूरी गुंजाइश रखी गई है।

बता दें कि करीब 63 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन 13 जुलाई 2026 को हुआ था। इसे 4,700 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है। इस रास्ते पर गाड़ियां 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकेंगी, जिससे लखनऊ से कानपुर पहुंचने में अब सिर्फ 35 से 45 मिनट का समय लगेगा। इसमें AI-आधारित कैमरे और आधुनिक ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम भी लगाए गए हैं।

हालांकि, उद्घाटन के कुछ ही दिनों बाद एक्सप्रेसवे की क्वालिटी को लेकर सवाल उठे थे। 26 और 27 जुलाई 2026 को उन्नाव के कोरारी इलाके में सड़क धंसने और ऊपरी परत उखड़ने की खबरें आईं। इस लापरवाही पर NHAI ने सख्त एक्शन लिया है। प्रोजेक्ट मैनेजर विवेक कुमार गुप्ता, टीम लीडर सुरेंद्र कुमार और रेसिडेंट इंजीनियर यतेंद्र कुमार को परियोजना से हटा दिया गया है। साथ ही इन अधिकारियों पर अगले दो साल तक किसी भी प्रोजेक्ट में काम करने पर रोक लगा दी गई है। NHAI अधिकारियों का कहना है कि किसी भी बड़े हादसे को रोकने के लिए फिलहाल मरम्मत का काम किया जा रहा है।