Lucknow में तेज रफ्तार थार ने युवक को कुचला, मौत के बाद सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन
Lucknow: लखनऊ के काकोरी इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। यहाँ गोलाकुआं के पास एक तेज रफ्तार काली Thar ने सड़क पार कर रहे 26 साल के युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक हवा में उछलकर करीब 20 मीटर
Lucknow: लखनऊ के काकोरी इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। यहाँ गोलाकुआं के पास एक तेज रफ्तार काली Thar ने सड़क पार कर रहे 26 साल के युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक हवा में उछलकर करीब 20 मीटर दूर जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान मंडौली निवासी हिमालय राज के रूप में हुई है। हादसे के तुरंत बाद थार चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने मृतक के शव को हरदोई रोड पर रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित लोगों ने सड़क से गुजरने वाले वाहनों पर पथराव भी किया जिससे इलाके में तनाव फैल गया।
हालात को संभालने के लिए काकोरी, पारा और दुबग्गा थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। प्रदर्शनकारी एसडीएम को बुलाने, 50 लाख रुपये मुआवजे, सरकारी नौकरी और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। पुलिस के आश्वासन के बाद करीब दो घंटे तक चले इस हंगामे को शांत कराया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
काकोरी इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर अज्ञात थार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।