Lucknow में डॉगी पर नुकीले हथियार से हमला, तीन दिन तक तड़पाया; अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज
Lucknow/Kakori: लखनऊ के काकोरी इलाके में पशु क्रूरता का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक आवारा कुत्ते पर नुकीले हथियार से जानलेवा हमला किया गया, जिसके बाद वह तीन दिनों तक सड़क किनारे तड़पता रहा। घायल कुत
Lucknow/Kakori: लखनऊ के काकोरी इलाके में पशु क्रूरता का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक आवारा कुत्ते पर नुकीले हथियार से जानलेवा हमला किया गया, जिसके बाद वह तीन दिनों तक सड़क किनारे तड़पता रहा। घायल कुत्ता अंत में एक नाले में गिर गया, जहाँ से उसे बचाकर अस्पताल पहुँचाया गया।
यह पूरी घटना काकोरी के जलियामऊ गांव की है। बताया जा रहा है कि सोमवार रात एक नशे में धुत युवक ने कुत्ते को बेरहमी से जमीन पर पटका और नुकीले हथियार से उस पर कई वार किए। हमले के बाद कुत्ता गंभीर रूप से घायल हो गया और तीन दिन तक मदद का इंतजार करता रहा। बुधवार शाम को एक किशोर ने इस घटना की जानकारी कैंपवेल रोड सिल्वर सिटी सोसाइटी की रहने वाली नेहा जैदी को दी। नेहा जैदी फेयरी टेल्स मासूम फाउंडेशन की संचालिका हैं।
सूचना मिलते ही नेहा जैदी उस किशोर के साथ मौके पर पहुँचीं और नाले में गिरे कुत्ते को बाहर निकाला। कुत्ते की हालत काफी खराब थी, उसकी गर्दन टेढ़ी हो गई थी और शरीर के पिछले हिस्से में गहरे जख्म थे। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया जहाँ उसका इलाज चल रहा है।
इस मामले में नेहा जैदी ने काकोरी थाने में अज्ञात हमलावर के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। काकोरी थाना प्रभारी सतीश राठौर ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमलावर की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।