Lucknow में साले को गोली मारने वाला जीजा गिरफ्तार, धमकी भरा ऑडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दबोचा

Lucknow/Kaiserbagh: राजधानी लखनऊ के कैसरबाग इलाके में अपने ही साले को गोली मारने वाले आरोपी मोहम्मद इलियास को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने वारदात से पहले फोन पर धमकी दी थी, जिसका ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो ग

Lucknow/Kaiserbagh: राजधानी लखनऊ के कैसरबाग इलाके में अपने ही साले को गोली मारने वाले आरोपी मोहम्मद इलियास को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने वारदात से पहले फोन पर धमकी दी थी, जिसका ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। पुलिस ने आरोपी को सरेंडर करने से पहले ही परिवर्तन चौक के पास से पकड़ लिया।

यह पूरी घटना बुधवार सुबह की है जब मोहम्मद इलियास अपनी ससुराल पहुंचा था। वहां विवाद के दौरान उसने अपने साले फजील हुसैन को गोली मार दी। पुलिस की पूछताछ में पता चला कि इलियास की पत्नी काफी समय से अपने मायके में रह रही थी और समझाने के बाद भी वापस नहीं आ रही थी। इलियास को शक था कि उसका साला फजील ही उसकी पत्नी को घर लौटने से रोक रहा है। इसी रंजिश की वजह से उसने 70 हजार रुपये में एक रिवाल्वर खरीदी और फजील को जान से मारने की कोशिश की।

गिरफ्तारी से पहले एक ऑडियो सामने आया था जिसमें इलियास अपने साले को धमकी देते हुए कह रहा था कि तुम्हारा भी परिवार है और इसका रिजल्ट तुम्हें 3 दिन के अंदर मिल जाएगा। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी, एक फैक्ट्री निर्मित रिवाल्वर, दो खोखे और चार कारतूस बरामद किए हैं।

एसीपी कैसरबाग नवरत्न गौतम के मुताबिक, इलियास एक दिन पहले बच्चों को ससुराल छोड़ने आया था, लेकिन ससुराल वालों ने बच्चों को रखने से मना कर दिया था, जिससे विवाद बढ़ गया। कैसरबाग इंस्पेक्टर अंजनी कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है और जिस गन हाउस से रिवाल्वर खरीदी गई, उस पर भी कार्रवाई होगी। घायल फजील हुसैन को बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।