Lucknow में सर्राफा कारोबारी से 13.75 लाख की ठगी, जेवर गिरवी रखकर और फर्जी चेक देकर लगाया चूना

Lucknow: राजधानी के चौक इलाके में एक ज्वैलर्स के साथ लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने कारोबारी का भरोसा जीता और जेवर गिरवी रखने के बहाने उनसे 13.75 लाख रुपये उधार ले लिए। जब पैसे वापस मांगने की

Lucknow: राजधानी के चौक इलाके में एक ज्वैलर्स के साथ लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने कारोबारी का भरोसा जीता और जेवर गिरवी रखने के बहाने उनसे 13.75 लाख रुपये उधार ले लिए। जब पैसे वापस मांगने की बात आई, तो आरोपियों ने फर्जी चेक थमा दिए जो बाद में बैंक से बाउंस हो गए।

यह पूरा मामला चौक के चूड़ी वाली गली के एक सर्राफा व्यवसायी राजकुमार वर्मा से जुड़ा है। राजकुमार वर्मा ठाकुरगंज के मुफ्तीगंज स्थित सोनार वाली गली के रहने वाले हैं। शिकायत के मुताबिक, यह धोखाधड़ी साल 2024 से अगस्त 2025 के बीच हुई थी। आरोपियों ने दिसंबर 2025 में भुगतान के लिए फर्जी चेक दिए थे, जिससे यह पूरी साजिश सामने आई।

पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को नामजद किया है। इनमें राजाजीपुरम के पवन रस्तोगी, पीड़ित की दुकान के बगल में ही आभूषण की दुकान चलाने वाले वीरेंद्र रस्तोगी, गोसाईंगंज के सुधीर सोनी, प्रदीप मिश्र उर्फ बउवा पंडित और विवेक रस्तोगी शामिल हैं।

चौक इंस्पेक्टर नागेश उपाध्याय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अब आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रही है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है ताकि ठगी गई रकम बरामद की जा सके।