Lucknow में बंद मकानों को निशाना बनाने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, 30 लाख के जेवर और कैश बरामद
Lucknow: जानकीपुरम पुलिस ने बंद घरों में चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिनके पास से करीब 26 लाख रुपये की सोने-चांदी की ज्वेलरी और 3 लाख 97 हजार रुपये नकद बरामद हुए
Lucknow: जानकीपुरम पुलिस ने बंद घरों में चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिनके पास से करीब 26 लाख रुपये की सोने-चांदी की ज्वेलरी और 3 लाख 97 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं। ये चोर खास तौर पर उन मकानों को चुनते थे जो बंद रहते थे।
यह पूरा मामला जानकी विहार निवासी एक रिटायर्ड टीचर रामनरेश शुक्ला के घर से जुड़ा है। उनके घर में 29 जुलाई को चोरी हुई थी, जिसकी रिपोर्ट 5 अगस्त को दर्ज कराई गई थी। बताया जा रहा है कि चोरों ने इस वारदात को महज 19 मिनट में अंजाम दिया और करीब 82 लाख रुपये के सामान पर हाथ साफ किया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो आरोपी 60 फीट रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर अपनी बाइक में तेल भरवाते दिखे, जिससे उनकी पहचान हुई।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान बाराबंकी के धधरा निवासी मोहम्मद शोएब और जमुआ निवासी रवि रावत के रूप में हुई है। रवि रावत जानकीपुरम के अभिषेकपुरम इलाके में रह रहा था। इंस्पेक्टर विनोद कुमार तिवारी के नेतृत्व में पुलिस की तीन टीमों ने इस मामले की जांच की और सोमवार, 10 अगस्त को दोनों को धर दबोचा।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कबूल किया कि वे पहले मकानों की रेकी करते थे और फिर चोरी करते थे। उन्होंने चोरी के पैसों से बुलेट बाइक भी खरीदी थी, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस के मुताबिक एक आरोपी पर पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।