Lucknow के जानकीपुरम में बहुमंजिला इमारत में लगी आग, दमकल कर्मियों ने 30 मिनट में पाया काबू

UP/Lucknow: राजधानी लखनऊ के जानकीपुरम इलाके में गुरुवार सुबह एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। यह हादसा इंजीनियरिंग कॉलेज के पास सेक्टर-एफ स्थित बी-222 भवन में हुआ। गनीमत रही कि समय रहते दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुं

UP/Lucknow: राजधानी लखनऊ के जानकीपुरम इलाके में गुरुवार सुबह एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। यह हादसा इंजीनियरिंग कॉलेज के पास सेक्टर-एफ स्थित बी-222 भवन में हुआ। गनीमत रही कि समय रहते दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

अग्निशमन विभाग को आग की सूचना सुबह 9:34 बजे मिली थी। खबर मिलते ही बीकेटी फायर टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। आग की तीव्रता को देखते हुए अन्य फायर स्टेशनों से भी अतिरिक्त दमकल वाहनों को बुलाया गया ताकि लपटों को तेजी से काबू किया जा सके।

दमकल कर्मियों ने करीब 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। इस पूरी घटना में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन भवन के अंदर रखा काफी सारा सामान जलकर राख हो गया है। फिलहाल विभाग इस बात की जांच कर रहा है कि आग लगने की असली वजह क्या थी और कुल कितना नुकसान हुआ है।