Lucknow के जलवा क्लब के बाहर फिर हुई मारपीट, बेल्ट और घूंसे चले; वीडियो वायरल

Lucknow: राजधानी के विभूतिखंड इलाके में स्थित जलवा क्लब के बाहर एक बार फिर मारपीट की घटना सामने आई है। शनिवार देर रात पार्टी के दौरान पैर लगने जैसी छोटी सी बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि युवकों ने एक-दूसरे पर बेल्ट, लात और

Lucknow: राजधानी के विभूतिखंड इलाके में स्थित जलवा क्लब के बाहर एक बार फिर मारपीट की घटना सामने आई है। शनिवार देर रात पार्टी के दौरान पैर लगने जैसी छोटी सी बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि युवकों ने एक-दूसरे पर बेल्ट, लात और घूंसे चला दिए। इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें 4-5 लड़के क्लब के बाहर बेल्ट से हमला करते दिख रहे हैं।

इस मामले में विभूतिखंड के इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। हालांकि, पुलिस सूत्रों के मुताबिक सलीम और आदित्य नाम के दो लड़कों को शांति भंग की आशंका में धारा 151 के तहत हिरासत में लिया गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस क्लब में देर रात 3 बजे तक पार्टियां चलती हैं और अक्सर हुड़दंग होता है, लेकिन पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंचती।

यह पहली बार नहीं है जब जलवा क्लब के बाहर ऐसी घटना हुई हो। मई 2026 में भी यहां एक गंभीर वारदात हुई थी, जिसमें अयोध्या के शिवम सिंह की मौत हो गई थी। 25-26 मई की सुबह सिगरेट मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया था कि आरोपियों ने शिवम की कार रोककर उन पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया था। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण शिवम की जान चली गई थी, जिसके बाद पुलिस ने उनके भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया था।

इलाके के लोग क्लब की गतिविधियों से काफी परेशान हैं। आरोप है कि यहां देर रात तक अवैध हुक्का परोसा जाता है और नशे में धुत लोग गाड़ियां सड़क पर खड़ी कर देते हैं, जिससे जाम लग जाता है। जनवरी 2026 में भी एक महिला के साथ मारपीट का वीडियो वायरल हुआ था, लेकिन लोगों का कहना है कि समिट चौकी और विभूतिखंड पुलिस की ढिलाई के कारण ऐसी घटनाएं बार-बार हो रही हैं।