Lucknow में बिजली लाइन ठीक करते समय लाइनमैन को लगा करंट, 20 फीट ऊपर से गिरा
Lucknow: राजधानी के इटौंजा इलाके में बिजली विभाग की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहाँ खेरवा गांव में बिजली लाइन ठीक करने के दौरान लाइनमैन सुरेंद्र कुमार को जोरदार करंट लगा, जिससे वह करीब 20 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गए।
Lucknow: राजधानी के इटौंजा इलाके में बिजली विभाग की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहाँ खेरवा गांव में बिजली लाइन ठीक करने के दौरान लाइनमैन सुरेंद्र कुमार को जोरदार करंट लगा, जिससे वह करीब 20 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गए। इस हादसे में वह गंभीर रूप से झुलस गए हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
यह घटना गुरुवार, 2 जुलाई 2026 की दोपहर को सीतापुर रोड स्थित इटौंजा उपकेंद्र के अंतर्गत हुई। बताया जा रहा है कि अमानीगंज फीडर का शटडाउन लिया गया था, लेकिन सुरेंद्र कुमार को पास के भगवतीपुर फीडर की चालू लाइन पर काम करने के लिए चढ़ा दिया गया। जैसे ही उन्होंने काम शुरू किया, उन्हें करंट लग गया और वह सीधे नीचे गिर पड़े।
हादसे के बाद घायल लाइनमैन को तुरंत इटौंजा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। इसके बाद सुरेंद्र को निजी अस्पताल ले जाने या लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर करने को लेकर बिजली विभाग के अधिकारियों और परिजनों के बीच करीब दो घंटे तक विवाद हुआ, जिसकी वजह से इलाज में देरी हुई।
घटना से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने मौके पर हंगामा किया। उनकी मांग है कि पीड़ित परिवार के भरण-पोषण के लिए उचित मुआवजा दिया जाए और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए। इस मामले में उपखंड अधिकारी जीशान अली ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता घायल का बेहतर इलाज कराना है और जांच के बाद दोषी कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।