Lucknow के ISKCON मंदिर में मनाया गया आम महोत्सव, योगिनी एकादशी पर आमों से हुआ भगवान का श्रृंगार
UP/Lucknow: लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी स्थित शहीद पथ पर बने श्री श्री राधारमण बिहारी मंदिर (इस्कॉन) में शनिवार को आम महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। यह आयोजन योगिनी एकादशी के पावन अवसर पर किया गया, जिसमें भगवान का विशेष श्रृ
UP/Lucknow: लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी स्थित शहीद पथ पर बने श्री श्री राधारमण बिहारी मंदिर (इस्कॉन) में शनिवार को आम महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। यह आयोजन योगिनी एकादशी के पावन अवसर पर किया गया, जिसमें भगवान का विशेष श्रृंगार और कीर्तन हुआ।
इस महोत्सव के दौरान भगवान श्री श्री राधारमण बिहारी का विभिन्न किस्म के आमों और आम के पत्तों से बहुत ही सुंदर श्रृंगार किया गया। भक्तों से निवेदन किया गया था कि वे दशहरी, चौसा, सफेदा, लंगड़ा, बंबइया और तोतापरी जैसे अलग-अलग तरह के आम लेकर आएं। इन आमों को भगवान को अर्पित करने के बाद महाप्रसाद के रूप में श्रद्धालुओं के बीच बांटा गया।
इस्कॉन और वैष्णव परंपरा को मानने वाले भक्तों ने 11 जुलाई को योगिनी एकादशी का व्रत रखा। मंदिर के दिशा-निर्देशों के अनुसार, व्रत रखने वाले लोग अनाज और दालों से परहेज करते हैं और अगले दिन सूर्योदय के बाद ही अपना उपवास खोलते हैं। भक्तों ने अपनी शारीरिक क्षमता के हिसाब से जल रहित, केवल जल, या फलों के साथ उपवास करने का विकल्प चुना। इस पूरे कार्यक्रम में विशेष आम दर्शन महोत्सव और सामूहिक कीर्तन का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।