Lucknow में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की धूम, 400 स्वयंसेवकों समेत लाखों छात्रों ने किया योगाभ्यास
Lucknow : राजधानी लखनऊ में 21 जून 2026 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस बार योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ उम्र बढ़ने के लिए योग’ (Yoga for Healthy Ageing) रखी गई थी। शहर के अलग-अलग हिस्सो
Lucknow : राजधानी लखनऊ में 21 जून 2026 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस बार योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ उम्र बढ़ने के लिए योग’ (Yoga for Healthy Ageing) रखी गई थी। शहर के अलग-अलग हिस्सों में सुबह से ही योगाभ्यास के कार्यक्रम शुरू हो गए थे, जिनमें सरकारी अधिकारियों से लेकर आम जनता और छात्रों ने हिस्सा लिया।
लखनऊ के दुबग्गा स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के वीर हकीकत राय नगर, लखनऊ पश्चिम भाग की ओर से एक कार्यक्रम हुआ, जहां 400 स्वयंसेवकों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। वहीं, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने द रेजीडेंसी परिसर में जिला स्तरीय कार्यक्रम में शिरकत की और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राजभवन के लॉन में योग सत्र का नेतृत्व किया। राज्यपाल ने लोगों से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की ताकि शरीर स्वस्थ और मन शांत रहे।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के 1.32 लाख से ज्यादा सरकारी स्कूलों और 746 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में करीब 1.43 करोड़ छात्र-छात्राओं ने योग सत्रों में भाग लिया। इन कार्यक्रमों की निगरानी के लिए बेसिक शिक्षा निदेशक अनिल भूषण चतुर्वेदी को नोडल अधिकारी बनाया गया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर झाँसी से योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
शहर के अन्य इलाकों में भी कार्यक्रमों की धूम रही। काकोरी के श्री राधा-कृष्ण मंदिर में हिंदू जन सेवा समिति के नेतृत्व में योगाभ्यास और हरिनाम संकीर्तन हुआ। गोमती नदी के तट पर गौ घाट में राज्य स्वच्छ गंगा मिशन और जिला गंगा समिति द्वारा योग कार्यक्रम, वृक्षारोपण और युवा गोमती मित्र सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसके अलावा, विकासनगर में योगकुलम द्वारा आयोजित ‘योगोत्सव’ में 500 और आशियाना के मल्टी एक्टिविटी सेंटर में 1000 से ज्यादा लोगों ने योग किया। मोहनलालगंज के योगा वेलनेस सेंटर में सबसे बड़ा जमावड़ा देखा गया, जहां करीब 5000 योग साधकों ने सामूहिक अभ्यास किया। इस कार्यक्रम में विधायक अमरेश कुमार रावत और एआईजी फायर सूर्यकांत त्रिपाठी भी मौजूद रहे।