Lucknow में रंगदारी न देने पर युवक को लाठी-रॉड से पीटा, अधमरा कर छोड़कर भागे हमलावर
Lucknow: राजधानी के इंदिरानगर इलाके में रंगदारी मांगने का एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहाँ एक युवक को सिर्फ इसलिए बेरहमी से पीटा गया क्योंकि उसने बदमाशों को पैसे देने से मना कर दिया था। हमलावरों ने लाठियों और लोहे की र
Lucknow: राजधानी के इंदिरानगर इलाके में रंगदारी मांगने का एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहाँ एक युवक को सिर्फ इसलिए बेरहमी से पीटा गया क्योंकि उसने बदमाशों को पैसे देने से मना कर दिया था। हमलावरों ने लाठियों और लोहे की रॉड का इस्तेमाल किया, जिससे युवक की हालत काफी गंभीर हो गई।
यह घटना शुक्रवार रात करीब 10:45 बजे की है। पीड़ित अखिलेश कुमार बजरंग चौराहे से अपने घर लौट रहे थे, तभी बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी चेतराम काफी समय से अखिलेश से हर महीने 10,000 रुपये की रंगदारी मांग रहा था। जब अखिलेश ने पैसे देने से इनकार किया, तो चेतराम और उसके साथियों ने उन पर हमला बोल दिया।
हमलावरों ने अखिलेश को लाठियों, डंडों और लोहे की रॉड से इतनी बुरी तरह पीटा कि वह बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़े। बदमाशों ने उन्हें मरा हुआ समझकर मौके से फरार कर दिया। होश आने पर पीड़ित ने डायल-112 पर फोन कर पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
इंदिरानगर पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। हमले में चेतराम, रितिक रावत, सूरज रावत और करन रावत समेत 8 से 10 लोगों के शामिल होने का आरोप है। पुलिस ने अब तक एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी की तलाश जारी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि अन्य हमलावरों की पहचान की जा सके। इंदिरानगर इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दी जा रही है।