Lucknow में व्यापारी के परिवार पर जानलेवा हमला, सिर पर वार कर हथियारबंद बदमाशों ने लूटा
UP/Lucknow: राजधानी के इंदिरा नगर इलाके में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने एक व्यापारी के घर में घुसकर उसके पूरे परिवार को लहूलुहान कर दिया। शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे अमराई गांव में एक कि
UP/Lucknow: राजधानी के इंदिरा नगर इलाके में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने एक व्यापारी के घर में घुसकर उसके पूरे परिवार को लहूलुहान कर दिया। शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे अमराई गांव में एक किराने के व्यापारी के घर पर हमला हुआ, जहां लुटेरों ने परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर उनके सिर पर ताबड़तोड़ वार किए और नकदी व जेवरात लूटकर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, बजरंग चौराहा के पास रहने वाले उमेश चंद्र (55) अपने परिवार के साथ घर में थे। तभी हथियारबंद बदमाश घर में घुसे और लॉकर तोड़ने की कोशिश करने लगे। जब उमेश चंद्र, उनकी पत्नी शांति देवी और बेटी सीमा ने इसका विरोध किया, तो बदमाशों ने उन पर रॉड और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना उमेश चंद्र के बेटे दीपक गुप्ता ने पुलिस को दी। इंदिरा नगर पुलिस इंस्पेक्टर अजय नारायण सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, हालांकि परिजनों का आरोप है कि पुलिस को सूचना देने के करीब आधे घंटे बाद टीम पहुंची। वारदात मुख्य सड़क के पास होने के बावजूद पुलिस गश्त पर सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर सबूत जुटाए हैं और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। लूटी गई रकम और गहनों की सटीक जानकारी अभी नहीं मिल पाई है क्योंकि परिवार का पूरा ध्यान घायलों के इलाज पर है।