Lucknow में रंगदारी न देने पर युवक की बेरहमी से पिटाई, 10 हजार रुपये मांगे थे, एक आरोपी गिरफ्तार
Lucknow: राजधानी के इंदिरानगर इलाके में रंगदारी मांगने का एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहां 10 हजार रुपये की रंगदारी न देने पर दबंगों ने एक युवक को लाठी, डंडों और लोहे की रॉड से बुरी तरह पीटा। हमलावरों ने युवक को अधमरा
Lucknow: राजधानी के इंदिरानगर इलाके में रंगदारी मांगने का एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहां 10 हजार रुपये की रंगदारी न देने पर दबंगों ने एक युवक को लाठी, डंडों और लोहे की रॉड से बुरी तरह पीटा। हमलावरों ने युवक को अधमरा कर दिया और उसे मरा हुआ समझकर मौके से फरार हो गए।
यह घटना शुक्रवार 17 जुलाई 2026 की रात करीब 10:45 बजे इंदिरानगर के बजरंग चौराहे पर हुई। पीड़ित की पहचान मोहम्मदपुर मजरा के रहने वाले अखिलेश कुमार के रूप में हुई है। अखिलेश का आरोप है कि मुख्य आरोपी चेतराम उनसे हर महीने 10,000 रुपये की रंगदारी मांग रहा था। पैसे न देने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी, जिसके बाद 8 से 10 हमलावरों ने मिलकर उन पर जानलेवा हमला कर दिया।
मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी ईस्ट दीक्षा शर्मा ने पुष्टि की है कि पीड़ित की शिकायत पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एडीसीपी अमोल मुरकुटे ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सूरज रावत को हिरासत में ले लिया है। नामजद आरोपियों में चेतराम, रितिक रावत, सूरज रावत और करन रावत शामिल हैं।
पुलिस अब फरार चल रहे अन्य हमलावरों की तलाश में दबिश दे रही है। इंदिरानगर इंस्पेक्टर के मुताबिक, इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि बाकी आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ा जा सके। वहीं, पीड़ित अखिलेश कुमार ने पुलिस से अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा मांगी है, क्योंकि आरोपियों की दबंगई के कारण उन्हें अभी भी जान का खतरा महसूस हो रहा है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।