Lucknow में हथियारबंद बदमाशों ने व्यापारी के परिवार को बनाया बंधक, पति-पत्नी और बेटी के सिर फोड़े
Lucknow: राजधानी के इंदिरा नगर इलाके में शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात बदमाशों ने एक किराना व्यापारी के घर में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। हथियारबंद लुटेरों ने व्यापारी, उनकी पत्नी और बेटी को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट
Lucknow: राजधानी के इंदिरा नगर इलाके में शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात बदमाशों ने एक किराना व्यापारी के घर में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। हथियारबंद लुटेरों ने व्यापारी, उनकी पत्नी और बेटी को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की और लूटपाट कर फरार हो गए। इस हमले में परिवार के तीनों सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
यह वारदात 25 जुलाई 2026 की रात करीब 2 बजे हुई। बदमाशों ने किराना व्यवसायी उमेश चंद्र (55), उनकी पत्नी शांति देवी और बेटी सीमा पर हमला किया और उनके सिर फोड़ दिए। घायलों में से एक सदस्य को करीब 18 टांके आए हैं। फिलहाल उमेश चंद्र की हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टर उनकी लगातार निगरानी कर रहे हैं, जबकि पत्नी और बेटी का भी इलाज चल रहा है।
पीड़ित के बेटे दीपक गुप्ता ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि डायल-112 को सूचना देने के करीब आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। दीपक ने यह भी कहा कि पुलिस ने गंभीर रूप से घायल परिवार को सरकारी अस्पताल ले जाने के बजाय निजी अस्पताल में भर्ती कराया। परिवार का दावा है कि घटना के बाद मौके पर न तो कोई फॉरेंसिक टीम आई और न ही डॉग स्क्वायड को बुलाया गया।
इंदिरा नगर पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता चला है कि इस वारदात को दो बदमाशों ने अंजाम दिया है। पुलिस ने पिछले 24 घंटों में इलाके के करीब 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है और कुछ संदिग्ध लोगों की पहचान की है। हालांकि, घटना के एक दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं और अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।