Lucknow में पति ने प्रेमिका के साथ मिलकर की पत्नी की हत्या, गोमती नदी में फेंका शव
Lucknow: राजधानी के रहीमाबाद इलाके में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक पति ने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को गोमती नदी में फेंक दिया। पुलिस
Lucknow: राजधानी के रहीमाबाद इलाके में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक पति ने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को गोमती नदी में फेंक दिया। पुलिस ने इस मामले में पति और उसकी प्रेमिका दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना 30-31 जुलाई 2026 की रात की है। आरोपी पति उमेन्द्र प्रताप सिंह ने अपनी पत्नी अंजलि सिंह का गला और मुंह दबाकर उसे मार डाला। हत्या के बाद शव को कंबल में लपेटकर एक स्विफ्ट डिजायर कार से इटौंजा इलाके ले जाया गया और वहां गोमती नदी में फेंक दिया गया। खुद को बचाने के लिए उमेन्द्र ने 31 जुलाई को रहीमाबाद थाने में अपनी पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।
इसी दिन इटौंजा क्षेत्र में नदी से एक अज्ञात महिला का शव मिला था, जिसकी पहचान बाद में अंजलि सिंह के रूप में हुई। मृतका के शरीर पर संघर्ष के दौरान लगे नाखूनों के निशान मिले, जिससे पुलिस का शक पति पर गया। जांच के दौरान उमेन्द्र ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि इस पूरी साजिश में उसकी प्रेमिका आरती वर्मा शामिल थी। आरती एक कॉल सेंटर में काम करती थी।
पुलिस ने इस मामले में महत्वपूर्ण बरामदगी की है। आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल हुई कार (UP32UN1452), दो मोबाइल फोन और अंजलि के करीब 8 से 10 लाख रुपये के जेवर बरामद हुए हैं, जो आरती वर्मा के पास थे। इंस्पेक्टर अरुण कुमार त्रिगुणायक के नेतृत्व में स्वाट और सर्विलांस टीम ने इस खुलासे को अंजाम दिया।
जांच में पता चला कि आरोपी उमेन्द्र प्रताप सिंह, जो पेशे से कैब ड्राइवर है, का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। साल 2020 में हरदोई जिले में उस पर मारपीट और धमकी देने के मामले दर्ज थे। फिलहाल पुलिस अन्य सह-अभियुक्तों की तलाश कर रही है। मृतका के भाई पुष्पेंद्र सिंह की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।