Lucknow में 15 अगस्त को लेकर हाई अलर्ट, विधानसभा के पास सघन चेकिंग और डॉग स्क्वायड तैनात
Lucknow: राजधानी लखनऊ में 15 अगस्त को होने वाले मुख्य ध्वजारोहण कार्यक्रम को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। विधानसभा के सामने आयोजित होने वाले इस बड़े कार्यक्रम की सुरक्षा के लिए हजरतगंज इलाके में भारी प
Lucknow: राजधानी लखनऊ में 15 अगस्त को होने वाले मुख्य ध्वजारोहण कार्यक्रम को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। विधानसभा के सामने आयोजित होने वाले इस बड़े कार्यक्रम की सुरक्षा के लिए हजरतगंज इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा जांच के लिए डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते की मदद ली जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
जिलाधिकारी विशाख जी ने बुधवार को विधान भवन के सामने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम का पूर्वाभ्यास गुरुवार सुबह 8:15 बजे किया जाएगा। मध्य जोन के हजरतगंज इलाके में ADCP जितेंद्र कुमार दुबे, ACP हजरतगंज और प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह के नेतृत्व में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान हजरतगंज चौराहे से जनपथ मार्केट तक पैदल गश्त की गई और दुकानों, शोरूम व फुटपाथों की बारीकी से जांच हुई।
सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस उपायुक्त रवीना त्यागी ने बताया कि 15 अगस्त को जनभवन में सुबह 8 बजे झंडारोहण और शाम 4 बजे स्वल्पाहार कार्यक्रम होगा, जिसकी वजह से यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। हालांकि, आपातकालीन सेवाओं को इसमें छूट दी गई है। इसके अलावा पुराने लखनऊ के कई इलाकों में गुरुवार दोपहर 2 बजे से ट्रैफिक रूट बदला रहेगा क्योंकि वहां मार्च पास्ट का पूर्वाभ्यास होगा।
डीजीपी प्रशांत कुमार ने पूरे प्रदेश में सुरक्षा कड़ी करने के निर्देश दिए हैं। लखनऊ के रेलवे स्टेशनों और चौधरी चरण सिंह अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एयरपोर्ट पर 28 अगस्त तक विजिटर पास बनाने पर रोक लगा दी गई है और यात्रियों को समय से पहले पहुंचने की सलाह दी गई है। यह पूरी सख्ती खुफिया इनपुट के बाद की गई है, जिसमें स्वतंत्रता दिवस के आसपास आतंकी गतिविधियों की आशंका जताई गई है।