Lucknow में गोमती नदी में मिला जिम ट्रेनर का शव, परिजनों ने जताया हत्या का शक

Lucknow: राजधानी लखनऊ के हजरतगंज इलाके में मंगलवार सुबह गोमती नदी में एक युवक का शव उतराता मिला। मृतक की पहचान विजेंद्र प्रताप के रूप में हुई है, जो पेशे से जिम ट्रेनर थे। इस घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है औ

Lucknow: राजधानी लखनऊ के हजरतगंज इलाके में मंगलवार सुबह गोमती नदी में एक युवक का शव उतराता मिला। मृतक की पहचान विजेंद्र प्रताप के रूप में हुई है, जो पेशे से जिम ट्रेनर थे। इस घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।

विजेंद्र प्रताप गोमती नगर के विनयखंड इलाके के रहने वाले थे और उनके पिता दिनेश सिंह एक निजी सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम करते हैं। जानकारी के मुताबिक, विजेंद्र रविवार रात करीब 9 बजे अपने घर से निकले थे, लेकिन जब वे काफी देर तक वापस नहीं लौटे तो परिवार वाले परेशान हो गए। इसके बाद परिजनों ने गोमती नगर थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मंगलवार सुबह हजरतगंज के बालू अड्डे के पास उनका शव नदी में तैरता हुआ मिला।

शव की पहचान होने के बाद विजेंद्र के भाई देवेंद्र ने आरोप लगाया कि उनके भाई की हत्या की गई है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि विजेंद्र के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल निकाली जाए ताकि पता चल सके कि आखिरी समय में उनकी किससे बात हुई थी।

इस मामले में हजरतगंज इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि परिजनों ने गोमती नगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी, लेकिन अभी तक हजरतगंज कोतवाली में हत्या के संबंध में कोई लिखित शिकायत या तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और परिजनों से तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।