Lucknow में कांवड़ मार्ग पर FSDA की छापेमारी, 70 दुकानों की जांच में मिला सड़ा मैंगो पल्प और रंगीन अनार
Lucknow: कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध और सुरक्षित खाना मिल सके, इसके लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने लखनऊ में बड़ा अभियान चलाया है। 14 जुलाई से शुरू हुए इस अभियान में अब तक 70 से ज्यादा होटल,
Lucknow: कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध और सुरक्षित खाना मिल सके, इसके लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने लखनऊ में बड़ा अभियान चलाया है। 14 जुलाई से शुरू हुए इस अभियान में अब तक 70 से ज्यादा होटल, ढाबों और मिठाई की दुकानों की जांच की गई है। इस कार्रवाई में कई दुकानों पर भारी अनियमितताएं मिली हैं, जिनमें रंग मिला हुआ अनार और सड़ा हुआ मैंगो पल्प शामिल है।
FSDA के सहायक आयुक्त (खाद्य) विजय प्रताप सिंह ने बताया कि लखनऊ में अयोध्या मार्ग, कुर्सी रोड, मोहान रोड, सीतापुर रोड और गोसाईंगंज मार्ग पर खास नजर रखी जा रही है। विभाग ने साफ किया है कि सावन के पूरे महीने यह अभियान जारी रहेगा। केवल लखनऊ ही नहीं, बल्कि बरेली और बस्ती जैसे जिलों में भी इसी तरह की छापेमारी की गई है, जहां मिलावटी सामान और अवैध मांस दुकानों के खिलाफ एक्शन लिया गया है।
प्रशासन ने सभी खाद्य प्रतिष्ठानों के लिए सख्त नियम तय किए हैं। कांवड़ मार्ग पर चलने वाले सभी होटल और दुकानों के पास वैध लाइसेंस और फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड (FSD बोर्ड) होना जरूरी है। नियमों के मुताबिक, खुले मसालों की बिक्री बंद रहेगी और केवल पैक्ड मसालों का ही इस्तेमाल करना होगा। साथ ही, कटे और सड़े हुए फलों को बेचने पर पूरी तरह रोक लगाई गई है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अब दुकानों पर ‘फूड सेफ्टी कनेक्ट ऐप’ का क्यूआर कोड और फीडबैक स्टिकर लगाए जा रहे हैं। इससे अगर किसी ग्राहक को खाने की क्वालिटी खराब लगती है, तो वह सीधे अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है। इसके अलावा, कांवड़ मार्गों पर मांसाहारी दुकानें बंद रहेंगी और नियम तोड़ने वालों के लाइसेंस रद्द किए जा सकते हैं। धार्मिक संगठनों द्वारा लगाए गए भंडारों की भी जांच की जाएगी और खराब क्वालिटी मिलने पर स्टॉल हटा दिए जाएंगे।