Lucknow में महिला कर्मचारी का गला दबाया, ऑफिस में संविदाकर्मी ने की मारपीट, केस दर्ज

Lucknow: अलीगंज इलाके में स्थित खाद्य एवं औषधि विभाग की प्रयोगशाला में एक महिला कर्मचारी के साथ मारपीट और गला दबाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने ही विभाग के एक संविदाकर्मी पर शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न का

Lucknow: अलीगंज इलाके में स्थित खाद्य एवं औषधि विभाग की प्रयोगशाला में एक महिला कर्मचारी के साथ मारपीट और गला दबाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने ही विभाग के एक संविदाकर्मी पर शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता अलीगंज के सेक्टर-सी की रहने वाली हैं और विभाग में बेंच केमिस्ट के पद पर काम करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि बाराबंकी निवासी संविदाकर्मी आदेश यादव पिछले करीब डेढ़ महीने से उन्हें परेशान कर रहा था। आरोपी उन पर बात करने और मिलने का दबाव बनाता था। जब महिला ने मना किया, तो आरोपी उन्हें धमकी देने लगा कि वह आत्महत्या कर लेगा और उसका नाम लगा देगा। पीड़िता के पास इस धमकी से जुड़े व्हाट्सएप चैट भी मौजूद हैं।

घटना 10 जुलाई की दोपहर करीब 3 बजे की है, जब आरोपी अपनी बहन के साथ प्रयोगशाला पहुंचा था। आरोप है कि वहां उसने महिला कर्मचारी को धक्का दिया, उनका गला दबाया और उनके साथ छेड़छाड़ की। इस हाथापाई के दौरान महिला के गले, आंख, गाल और पीठ पर चोटें आई हैं।

21 जुलाई को पीड़िता की शिकायत मिलने के बाद अलीगंज पुलिस ने आदेश यादव के खिलाफ मारपीट और उत्पीड़न की धाराओं में केस दर्ज किया है। इंस्पेक्टर अलीगंज ध्रुव कुमार ने बताया कि पुलिस प्रयोगशाला के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और सहकर्मियों के बयान ले रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।