Lucknow में पटाखा फैक्ट्री में धमाका, एक युवती की मौत, नियमों की अनदेखी करने वाला मालिक गिरफ्तार

Lucknow: राजधानी के नगराम इलाके में स्थित देवती गांव में सोमवार को एक पटाखा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट हुआ। इस हादसे में फैक्ट्री मालिक की 17 वर्षीय भांजी मारिया की जान चली गई, जबकि एक 16 साल का लड़का गंभीर रूप से घायल

Lucknow: राजधानी के नगराम इलाके में स्थित देवती गांव में सोमवार को एक पटाखा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट हुआ। इस हादसे में फैक्ट्री मालिक की 17 वर्षीय भांजी मारिया की जान चली गई, जबकि एक 16 साल का लड़का गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले की जांच के बाद फैक्ट्री मालिक को गिरफ्तार कर लिया है।

यह हादसा सोमवार, 15 जून 2026 को सुबह करीब 11:30 बजे हुआ। हादसे के बाद मौके पर अग्निशमन विभाग, SDRF और बम निरोधक दस्ते की टीमें पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस जांच में पता चला कि फैक्ट्री के मालिक मोहम्मद शफीक के पास मार्च 2027 तक का वैध लाइसेंस तो था, लेकिन वह सुरक्षा नियमों की पूरी तरह अनदेखी कर रहा था। फैक्ट्री में आग बुझाने के लिए न तो पानी की व्यवस्था थी और न ही अग्निशमन यंत्र काम कर रहे थे।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) रल्लापल्ली वसंत कुमार और डीसीपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि फैक्ट्री में विस्फोटक भंडारण के नियमों का उल्लंघन किया गया था। सबसे गंभीर बात यह सामने आई कि फैक्ट्री में महिलाओं और नाबालिग बच्चों से काम कराया जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, फैक्ट्री आबादी वाले क्षेत्र से दूर थी, जिस वजह से एक बहुत बड़ा हादसा होने से बच गया।

नगराम थाना प्रभारी विवेक कुमार चौधरी ने बताया कि उपनिरीक्षक चंद्रशेखर की तहरीर पर एफआईआर दर्ज की गई है। गिरफ्तार मालिक मोहम्मद शफीक के खिलाफ बीएनएस की धारा 288 और 105 (गैर इरादतन हत्या) और विस्फोटक अधिनियम की धारा 5/9(ख) के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें विस्फोट के सटीक कारणों की जांच कर रही हैं।