Lucknow में राज खुलने के डर से पिता-पुत्र ने की युवक की हत्या, मां की पायल बेचने का था मामला
Lucknow: राजधानी लखनऊ के मड़ियांव इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक की उसके ही दोस्त और दोस्त के पिता ने मिलकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और घटना क
Lucknow: राजधानी लखनऊ के मड़ियांव इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक की उसके ही दोस्त और दोस्त के पिता ने मिलकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और घटना के महज 6 घंटे के भीतर आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया।
मृतक की पहचान 22 से 26 वर्ष के शुभम सोनी के रूप में हुई है, जो ड्राइविंग का काम करता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सुमित वर्मा ने अपनी मां की चांदी की पायल चोरी करके बेच दी थी। शुभम को इस बात की जानकारी मिल गई थी और उसने सुमित को धमकी दी थी कि वह यह बात उसकी मां को बता देगा। इसी राज को छिपाने के लिए सुमित और उसके पिता मथुरा प्रसाद ने शुभम को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
शनिवार शाम करीब 7 बजे आरोपी पिता-पुत्र ने शुभम को उसके घर से बुलाया। वहां उसे शराब पिलाई गई और फिर अचानक चाकू और लोहे की रॉड से उस पर हमला कर दिया। हमले के बाद गंभीर रूप से घायल शुभम वहां से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ज्यादा खून बह जाने के कारण वह अपने घर के बाहर ही बेहोश होकर गिर गया। परिवार वाले उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मड़ियांव पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपियों को ट्रैक किया और हत्या में इस्तेमाल हथियार के साथ उन्हें पकड़ लिया। इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।