Lucknow में नकली दवाओं का बड़ा जखीरा जब्त, 4.37 लाख की दवाएं पकड़ीं, एक गिरफ्तार
Lucknow/BKT : राजधानी लखनऊ में नकली दवाओं के एक बड़े कारोबार का भंडाफोड़ हुआ है। बीकेटी पुलिस और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) विभाग की टीम ने मिलकर बड़ी कार्रवाई की है। इस छापेमारी में करीब 4.37 लाख रुपये की ब्र
Lucknow/BKT : राजधानी लखनऊ में नकली दवाओं के एक बड़े कारोबार का भंडाफोड़ हुआ है। बीकेटी पुलिस और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) विभाग की टीम ने मिलकर बड़ी कार्रवाई की है। इस छापेमारी में करीब 4.37 लाख रुपये की ब्रांडेड नकली दवाएं बरामद की गई हैं। पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया है, जबकि दो अन्य अभी फरार हैं।
यह पूरी कार्रवाई 16 जुलाई 2026 को मिली एक गोपनीय सूचना के बाद शुरू हुई। FSDA के सहायक मंडल आयुक्त ब्रजेश यादव के नेतृत्व में टीम ने किसान पथ स्थित मामपुर खड़ंजा मार्ग पर छापेमारी की। वहां एक Omni Van (UP-32 BW-7091) को रोका गया, जिसमें संदिग्ध दवाओं का बड़ा स्टॉक लदा था। ड्रग इंस्पेक्टर विवेक कुमार सिंह, संदेश मौर्य, राहुल कुमार और अनीता कुरील की टीम ने मौके पर दवाओं की गहन जांच की।
जांच के दौरान कुल 2157 बोतलें मिलीं, जिनमें Rubired 200 ml की 246 बोतलें, ALKASOL Sugar Free 100 ml की 1063 बोतलें और Mucaine Gel 200 ml की 848 बोतलें शामिल थीं। जब इन दवाओं की तुलना असली सैंपल से की गई, तो ALKASOL Sugar Free के लेबल, कैप और लोगो बिल्कुल अलग पाए गए। कंपनी के प्रतिनिधियों ने भी इन दवाओं को नकली बताया। Mucaine Gel के लेबल में भी बड़ी कमियां मिलीं। बाकी नमूनों को लैब में जांच के लिए भेजा गया है।
पुलिस ने इस मामले में माल थाना क्षेत्र के रहने वाले 33 वर्षीय भूपेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में भूपेंद्र ने बताया कि वह यह खेप राज विक्रम सिंह और विनीत सिंह के कहने पर अमीनाबाद पहुंचाने जा रहा था। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश कर रही है और गिरफ्तार व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।