Lucknow में फर्जी कॉल सेंटर के 119 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस लाइन में लगी स्पेशल कोर्ट ने भेजा जेल
Lucknow: राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में चल रहे एक बड़े फर्जी अंतरराष्ट्रीय कॉल सेंटर का भंडाफोड़ हुआ है। इस मामले में पुलिस ने कुल 119 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन्हें सुरक्षा कारणों से पुलिस लाइन में ही बनाई गई एक
Lucknow: राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में चल रहे एक बड़े फर्जी अंतरराष्ट्रीय कॉल सेंटर का भंडाफोड़ हुआ है। इस मामले में पुलिस ने कुल 119 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन्हें सुरक्षा कारणों से पुलिस लाइन में ही बनाई गई एक अस्थायी अदालत में पेश किया गया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) ने सभी आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
यह पूरा मामला विभूति खंड स्थित समिट बिल्डिंग की 11वीं मंजिल का है, जहां ‘Solaris Solution’ नाम से यह कॉल सेंटर पिछले छह महीने से चल रहा था। यहां से अमेरिका और अन्य देशों के लोगों को निशाना बनाया जा रहा था। आरोपी खुद को Amazon, Apple, Microsoft, PayPal, Netflix और Facebook जैसी बड़ी कंपनियों के कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव बताते थे। इसके अलावा कुछ लोग अमेरिकी सरकारी विभागों के अधिकारी बनकर लोगों के साथ धोखाधड़ी करते थे।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की संख्या बहुत ज्यादा होने के कारण उन्हें नियमित अदालत ले जाना जोखिम भरा था। एडिशनल डीसीपी (क्राइम) किरण यादव ने बताया कि 119 आरोपियों को कोर्ट ले जाने के लिए 300 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती करनी पड़ती। इसलिए जिला जज की विशेष अनुमति से पुलिस लाइन में ही कोर्ट लगाया गया। पकड़े गए लोगों में 92 पुरुष और 27 महिलाएं शामिल हैं, जिनमें ललित खैराजानी और विक्रम सिंह परमार नाम के दो प्रोग्राम मैनेजर भी हैं।
लखनऊ पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र कुमार सेंगर ने बताया कि यह ऑपरेशन पुलिस कमिश्नरेट, साइबर सेल और साइबर पुलिस स्टेशन की संयुक्त टीम ने चलाया। जॉइंट सीपी (लॉ एंड ऑर्डर) बबलू कुमार ने कहा कि अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस धोखाधड़ी से कमाया गया पैसा कहां गया। विदेशी संपर्कों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने के लिए मनी ट्रेल खंगाला जा रहा है।