Lucknow की पेंट फैक्ट्री में भीषण आग, पेट्रोल और केरोसिन के कंटेनरों के बीच डेढ़ घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

Lucknow: राजधानी के आलमबाग थाना क्षेत्र में स्थित तालकटोरा इंडस्ट्रियल एरिया की एक पेंट फैक्ट्री में शनिवार देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते इसने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके

Lucknow: राजधानी के आलमबाग थाना क्षेत्र में स्थित तालकटोरा इंडस्ट्रियल एरिया की एक पेंट फैक्ट्री में शनिवार देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते इसने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि घटना के समय फैक्ट्री बंद थी, इसलिए किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की खबर नहीं है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल ने बताया कि यह फैक्ट्री अंकुश अग्रवाल की है और आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है। फैक्ट्री के अंदर भारी मात्रा में पेट्रोल, केरोसिन और पेंट जैसे ज्वलनशील पदार्थ रखे हुए थे, जिसकी वजह से बड़े धमाकों का खतरा बना हुआ था। स्थिति को देखते हुए तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया।

आग पर काबू पाने के लिए आलमबाग, सरोजनी नगर, पीजीआई, चौक और हजरतगंज फायर स्टेशनों से कुल 8 दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। दमकलकर्मियों ने घने धुएं के बीच ब्रीदिंग अपेरटस (BA) सेट पहनकर फैक्ट्री के बेसमेंट में प्रवेश किया और जोखिम भरा ऑपरेशन चलाया। आग को फैलने से रोकने के लिए छत से फोम और पानी की बौछारें की गईं। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया, हालांकि इस हादसे में फैक्ट्री का काफी सामान जलकर खाक हो गया है।