Lucknow में दोस्त ने की ई-रिक्शा चालक की हत्या, मोबाइल और पैसों के लालच में गमछे से घोंटा गला

Lucknow: राजधानी के काकोरी इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक दोस्त ने ही अपने साथी की जान ले ली। मोबाइल फोन और पैसों के लालच में मुजीब उर्फ मुन्ना ने ई-रिक्शा चालक दिलीप रावत की गला घोंटकर हत्या क

Lucknow: राजधानी के काकोरी इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक दोस्त ने ही अपने साथी की जान ले ली। मोबाइल फोन और पैसों के लालच में मुजीब उर्फ मुन्ना ने ई-रिक्शा चालक दिलीप रावत की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को आगरा एक्सप्रेसवे पर फेंक दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, काकोरी के दोना गांव का रहने वाला 30 वर्षीय दिलीप रावत मंगलवार शाम करीब 4 बजे नया ऑटो खरीदने के लिए 80 हजार रुपये लेकर घर से निकला था। रास्ते में उसकी मुलाकात अपने दोस्त मुजीब से हुई। दोनों एक ऑटो एजेंसी गए, जहां दिलीप ने 50 हजार रुपये जमा किए और ड्राइविंग लाइसेंस के लिए 1 हजार रुपये दिए। इसके बाद दोनों ने साथ में खाना खाया और शराब पी। इसी दौरान दिलीप ने करीब 12 हजार रुपये का एक नया मोबाइल खरीदा। मुजीब ने जब उस मोबाइल में अपनी सिम डालने की बात कही, तो दोनों के बीच विवाद हो गया।

वापस लौटते समय मुजीब ने सिगरेट पीने के बहाने नगेसर मंदिर के पास टेंपो रुकवाया और अचानक पीछे से गमछे से दिलीप का गला घोंट दिया। हत्या करने के बाद मुजीब शव को ऑटो में रखकर आगरा एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर भलिया अंडरपास के पास सुनसान जगह पर फेंककर फरार हो गया। बुधवार सुबह दिलीप के परिवार ने अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद बुधवार शाम को ही भलिया गांव के पास दिलीप का खून से लथपथ शव बरामद हुआ।

काकोरी पुलिस और एसीपी शकील अहमद की टीम ने सर्विलांस की मदद से गुरुवार तड़के आरोपी मुजीब को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल, 4800 रुपये नकद, हत्या में इस्तेमाल गमछा और वारदात में प्रयुक्त ऑटो बरामद कर लिया है। इस घटना के बाद परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर मुआवजे और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया, जिसे पुलिस ने आश्वासन देकर शांत कराया। आरोपी को अब जेल भेज दिया गया है।