Lucknow के सिविल अस्पताल में युवक का हंगामा, शीशा तोड़कर गले पर लगाया और मरीजों के पीछे दौड़ा
Lucknow: हजरतगंज इलाके के सिविल अस्पताल में रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक ने जमकर उत्पात मचाया। युवक ने अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ की और शीशे का टुकड़ा लेकर अपना गला काटने की धमकी देने लगा। इस घटना से वहां
Lucknow: हजरतगंज इलाके के सिविल अस्पताल में रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक ने जमकर उत्पात मचाया। युवक ने अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ की और शीशे का टुकड़ा लेकर अपना गला काटने की धमकी देने लगा। इस घटना से वहां मौजूद मरीज और उनके परिजन बुरी तरह डर गए और अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे।
जानकारी के मुताबिक, इस युवक की पहचान चौक निवासी मुस्ताक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मुस्ताक चोट लगने के बाद इलाज के लिए अस्पताल आया था, लेकिन वार्ड में किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हो गई। इसके बाद उसने हंगामा शुरू कर दिया और अस्पताल की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, जिसमें वह खुद भी घायल हो गया।
हंगामे के दौरान युवक हाथ में शीशे का टुकड़ा लेकर मरीजों, तीमारदारों और अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ की ओर दौड़ा। उसने डॉक्टरों और स्टाफ के साथ काफी अभद्र व्यवहार किया। सूचना मिलते ही हजरतगंज पुलिस मौके पर पहुंची और इंस्पेक्टर विक्रम सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने काफी मशक्कत के बाद युवक को काबू में किया और हिरासत में लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि युवक नशे की हालत में लग रहा था, वहीं पुलिस का मानना है कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। फिलहाल पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। अस्पताल प्रशासन ने भी इस मामले में जरूरी कार्रवाई शुरू कर दी है।