Lucknow के सिविल अस्पताल में 26 सेंटीमीटर का ट्यूमर निकाला गया, 3.5 किलो वजन था गांठ का

Lucknow: राजधानी के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) अस्पताल के डॉक्टरों ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। अस्पताल के जनरल सर्जरी विभाग ने एक 59 साल के मरीज के कंधे से करीब 26 सेंटीमीटर आकार का विशाल लाइपोमा ट्यूमर सफलताप

Lucknow: राजधानी के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) अस्पताल के डॉक्टरों ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। अस्पताल के जनरल सर्जरी विभाग ने एक 59 साल के मरीज के कंधे से करीब 26 सेंटीमीटर आकार का विशाल लाइपोमा ट्यूमर सफलतापूर्वक निकाल दिया है। यह ऑपरेशन काफी जटिल था लेकिन डॉक्टरों की टीम ने इसे सही तरीके से अंजाम दिया।

मरीज अशोक कुमार लखनऊ के मड़ियांव इलाके के रहने वाले हैं। उन्हें करीब तीन साल पहले अपने दाहिने कंधे पर एक छोटी सी सूजन महसूस हुई थी। समय बीतने के साथ यह सूजन बढ़ती गई और एक बड़े ट्यूमर का रूप ले लिया। मरीज की जांच 15 जुलाई 2026 को हुई और उसके बाद 17 जुलाई 2026 को उनकी सर्जरी की गई।

यह ट्यूमर करीब 26 x 12 x 21 सेंटीमीटर आकार का था और इसका वजन लगभग 3.5 किलोग्राम था। इस पूरी प्रक्रिया को शल्य विभागाध्यक्ष डॉ. आनंद मिश्र के नेतृत्व में किया गया। टीम में जूनियर रेजिडेंट डॉ. विनोद कुमार वर्मा और ओटी असिस्टेंट सुदेश कुमार भी शामिल थे।

डॉ. आनंद मिश्र ने बताया कि अगर मरीज इस इलाज में और देरी करता तो इस ट्यूमर के कैंसर में बदलने का खतरा हो सकता था। उन्होंने लोगों से अपील की है कि शरीर के किसी भी हिस्से में अगर असामान्य सूजन या गांठ दिखे तो उसे नजरअंदाज न करें और तुरंत किसी योग्य सर्जन से सलाह लें।

ऑपरेशन के बाद अशोक कुमार की हालत अब पूरी तरह ठीक है और वे रिकवर कर रहे हैं। डॉक्टरों ने उन्हें सोमवार, 20 जुलाई 2026 को अस्पताल से छुट्टी देने की तैयारी कर ली है।