Lucknow में चारबाग स्टेशन पर मोबाइल लूटने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, बाइक और फोन बरामद
Lucknow: चारबाग रेलवे स्टेशन के पास एक युवक से मोबाइल छीनकर भागने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने धर दबोचा है। हुसैनगंज पुलिस ने रविवार को घेराबंदी करके दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से लूटा हुआ मोबाइल और वारदा
Lucknow: चारबाग रेलवे स्टेशन के पास एक युवक से मोबाइल छीनकर भागने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने धर दबोचा है। हुसैनगंज पुलिस ने रविवार को घेराबंदी करके दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से लूटा हुआ मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली है।
यह पूरी घटना शनिवार की है जब हरदोई के संडीला निवासी सोनू राठौर चारबाग स्टेशन के पास खड़े होकर मोबाइल पर बात कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने अचानक उनका फोन छीना और तेजी से फरार हो गए। वहां मौजूद कुछ राहगीरों ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश भी की लेकिन भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी मौके से भाग निकले थे।
सोनू की शिकायत मिलने के बाद हुसैनगंज पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने स्टेशन और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जिसमें बाइक सवार दो युवक तेजी से भागते हुए नजर आए। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर की मदद से रविवार को बाल विद्या मंदिर, चारबाग के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल और बाइक बरामद कर ली है। रविवार को ही दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।