Lucknow में बक्सर की युवती की संदिग्ध मौत, पति गिरफ्तार; परिजनों ने लगाया दहेज के लिए हत्या का आरोप

Lucknow: लखनऊ के इंदिरा नगर इलाके में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान बक्सर की रहने वाली सोनाली के रूप में हुई है, जिसकी शादी महज पांच महीने पहले हुई थी। परिजनों का आरोप

Lucknow: लखनऊ के इंदिरा नगर इलाके में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान बक्सर की रहने वाली सोनाली के रूप में हुई है, जिसकी शादी महज पांच महीने पहले हुई थी। परिजनों का आरोप है कि इसे हनीमून के बहाने लखनऊ बुलाया गया और फिर उसकी सोची-समझी साजिश के तहत हत्या कर दी गई।

सोनाली बक्सर जिले के खरहरटंड गांव की रहने वाली थी और उसकी शादी 26 फरवरी 2026 को कमलकांत मिश्रा से हुई थी। कमलकांत एक प्राइवेट बैंक में डिप्टी मैनेजर है। 4 जुलाई 2026 की रात सोनाली का शव इंदिरा नगर स्थित उनके किराए के फ्लैट में फंदे से लटका मिला। पति ने इस घटना की जानकारी परिवार को दोपहर में दी थी।

मृतका के भाई अभिषेक ओझा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बहन आत्महत्या नहीं कर सकती। उन्होंने बताया कि शादी में 15 लाख रुपये नकद, करीब 250 ग्राम सोना और 2.5 लाख रुपये का फर्नीचर दिया गया था, लेकिन ससुराल वाले लगातार चार पहिया गाड़ी की मांग कर रहे थे। परिजनों ने शरीर पर चोट के निशान मिलने और शव की फोटो खींचने जैसी बातों को लेकर पति पर सवाल उठाए हैं।

दूसरी तरफ, आरोपी पति कमलकांत मिश्रा का दावा है कि कश्मीर हनीमून के लिए फ्लाइट टिकट कैंसिल कर ट्रेन टिकट बुक करने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद सोनाली ने खुदकुशी कर ली। हालांकि, पुलिस की जांच में कुछ अलग बातें सामने आई हैं। एसीपी गाजीपुर अमित कुमार पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत से पहले चोट लगने (ante-mortem injury) की पुष्टि हुई है।

इंदिरा नगर पुलिस ने भाई की शिकायत पर दहेज हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पति कमलकांत मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है और उसके माता-पिता, भाई-भाभी और बहन समेत छह अन्य ससुराल वालों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की है। पुलिस अब अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है और डिजिटल सबूतों के आधार पर मामले की गहराई से जांच कर रही है।