Lucknow के BNA में बाल कलाकारों ने किया ‘कृष्णलीला’ का मंचन, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक रहे मुख्य अतिथि
Lucknow: गोमतीनगर स्थित भारतेन्दु नाट्य अकादमी (BNA) में इन दिनों बच्चों की कला और संस्कृति की धूम है। यहाँ तीन दिवसीय नाटक ‘कर्मण्येवाधिकारस्ते… मुरली से मातृभूमि तक’ का मंचन शुरू हुआ है। यह खास प्रस्त
Lucknow: गोमतीनगर स्थित भारतेन्दु नाट्य अकादमी (BNA) में इन दिनों बच्चों की कला और संस्कृति की धूम है। यहाँ तीन दिवसीय नाटक ‘कर्मण्येवाधिकारस्ते… मुरली से मातृभूमि तक’ का मंचन शुरू हुआ है। यह खास प्रस्तुति संस्कृति विभाग और BNA की ग्रीष्मकालीन बाल रंगमंच कार्यशाला ‘रंग पाठशाला’ के समापन के मौके पर आयोजित की जा रही है।
5 जुलाई 2026 को शुरू हुए इस कार्यक्रम के पहले दिन उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यह नाटक प्रसिद्ध रंगकर्मी वॉल्टर पीटर द्वारा लिखा और निर्देशित किया गया है, जिसमें ‘थिएटर इन एजुकेशन’ तरीके का इस्तेमाल किया गया है। कार्यक्रम के दौरान BNA के अध्यक्ष डॉ. रति शंकर त्रिपाठी और निदेशक बिपिन कुमार भी मौजूद रहे।
इस नाटक में 50 से ज्यादा बाल कलाकारों ने हिस्सा लिया है। बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म, उनकी बाल लीलाओं और कंस वध से लेकर कुरुक्षेत्र के मैदान तक की कहानी को मंच पर उतारा। नाटक में दिखाया गया कि कैसे श्रीकृष्ण ने अर्जुन को गीता का संदेश दिया और फिर कहानी स्वामी विवेकानंद के प्रसंग तक पहुँचती है।
मंचन में स्वरांश पाण्डेय ने नारद, समर प्रताप शाही ने कंस, नीतिज्ञ मेहरोत्रा ने अर्जुन और अभिषेक कन्नौजिया ने भीष्म पितामह का किरदार निभाया। इनके अलावा अर्णव द्विवेदी, ऋषि त्रिवेदी, रमा साहनी और अन्य बच्चों ने भी अपनी एक्टिंग से सबका मन मोहा। यह नाटक 6 और 7 जुलाई को भी जारी रहेगा।
बता दें कि भारतेन्दु नाट्य अकादमी ने अप्रैल 2026 में अपनी स्वर्ण जयंती मनाई थी। उस समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अकादमी के 22 करोड़ रुपये की लागत से बने नए भवन और दो सभागारों का लोकार्पण किया था।