Lucknow में मोबाइल चोरी के शक में युवक का अपहरण, 9 घंटे तक बंधक बनाकर पीटा

Lucknow: राजधानी के बख्शी का तालाब (BKT) इलाके में मोबाइल चोरी के शक में एक युवक को अगवा कर बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। वैन में सवार पांच लोगों ने सरैया बाजार के रहने वाले मोहित राजपूत को करीब नौ घंटे तक बंधक

Lucknow: राजधानी के बख्शी का तालाब (BKT) इलाके में मोबाइल चोरी के शक में एक युवक को अगवा कर बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। वैन में सवार पांच लोगों ने सरैया बाजार के रहने वाले मोहित राजपूत को करीब नौ घंटे तक बंधक बनाकर रखा और फिर देर रात उसे सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए।

यह पूरी घटना रविवार दोपहर की है। मोहित राजपूत रामपुर बेहड़ा चौराहे पर चाट खाने गए थे, तभी वहां एक वैन में सवार पांच लोग पहुंचे। उन्होंने मोहित पर बड़ी बाजार के पास मोबाइल चोरी करने का आरोप लगाया और पूछताछ शुरू कर दी। देखते ही देखते आरोपियों ने मोहित को जबरन वैन में बैठा लिया और अपहरण कर लिया।

अगवा करने के बाद आरोपी मोहित को लेकर चले गए और रास्ते भर उससे मोबाइल लौटाने का दबाव बनाते रहे। इस दौरान उन्होंने मोहित को लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा, जिससे उसके चेहरे और आंख में गंभीर चोटें आईं। रात करीब 11 बजे आरोपियों ने उसे सड़क किनारे छोड़ दिया।

घायल मोहित ने बख्शी का तालाब थाने में जाकर इस घटना की तहरीर दी है। इंस्पेक्टर संजय सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है और जांच के बाद एफआईआर दर्ज की जाएगी।