Lucknow में शराब के पैसों को लेकर हुआ विवाद, धक्का-मुक्की में गिरी ईंटों पर और हुई मौत, 5 गिरफ्तार
Lucknow/BKT: लखनऊ के बीकेटी इलाके में 3 अगस्त को एक खाली प्लॉट में मिले 36 वर्षीय अनिल कुमार की मौत की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच में पता चला है कि शराब के लिए
Lucknow/BKT: लखनऊ के बीकेटी इलाके में 3 अगस्त को एक खाली प्लॉट में मिले 36 वर्षीय अनिल कुमार की मौत की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच में पता चला है कि शराब के लिए पैसे मांगने को लेकर हुए मामूली विवाद ने इस घटना का रूप ले लिया।
पुलिस के मुताबिक, अनिल कुमार सैदपुर के तरहैया गाँव का रहने वाला था। घटना वाले दिन वह बृजेश की गुमटी के पास कुछ लोगों के साथ बैठा था और नशे की हालत में था। तभी वहां मौजूद अन्य लोगों ने उससे शराब के लिए पैसे मांगे, जिस पर अनिल ने इनकार कर दिया। इसी बात पर उनके बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई और अनिल अपना संतुलन खोकर प्लॉट की नींव में लगी ईंटों पर गिर गया। इस हादसे में उसके सिर और आंख में गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बीकेटी एसीपी विकास पांडेय और इंस्पेक्टर रामस्वरूप चौहान ने बताया कि शुरुआत में परिजनों को लगा कि मौत ज्यादा शराब पीने की वजह से हुई है क्योंकि शरीर पर कोई बाहरी चोट नहीं दिख रही थी। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गंभीर चोट की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज की। सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल सर्विलांस की मदद से आरोपियों का पता लगाया गया।
शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे बीकेटी पुलिस और डीसीपी उत्तरी की टीम ने किसान पथ हाईवे पर चंद्रिका देवी अंडरपास के पास घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम दुर्गेश यादव, कुबेर यादव उर्फ अमर, रंजीत रावत, रामकेश यादव और अवधेश यादव हैं। पुलिस ने आरोपी कुबेर यादव की मदद से मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। मृतक के भाई विवेक विश्वकर्मा की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की है।