Lucknow में कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने निकले भाजपा कार्यकर्ता, पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रोका

UP/Lucknow : राजधानी लखनऊ में बुधवार को उस वक्त तनाव बढ़ गया जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने की कोशिश की। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर कार्यकर्ताओं को रास्ते में ही रोक दिया, जिसके बाद दोनों पक्ष

UP/Lucknow : राजधानी लखनऊ में बुधवार को उस वक्त तनाव बढ़ गया जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने की कोशिश की। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर कार्यकर्ताओं को रास्ते में ही रोक दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। यह पूरा मामला राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री आवास के घेराव के जवाब में किया गया एक विरोध प्रदर्शन था।

घटना की शुरुआत सुबह 12 बजे से हुई जब बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता वीवीआईपी गेस्ट हाउस के सामने जमा हुए। दोपहर करीब 2:30 बजे प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने मार्च शुरू किया। पुलिस ने वक्फ बोर्ड कार्यालय के सामने बैरिकेडिंग कर रखी थी, जहां भाजपा कार्यकर्ता रुक गए और पुलिस के साथ उनकी बहस हुई। इस प्रदर्शन में विधायक पंकज सिंह, नीरज सिंह और भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रोहित मिश्रा समेत कई बड़े नेता शामिल थे।

दूसरी तरफ, पुलिस ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और उनके साथियों को भी मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च करने से रोक दिया। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर इको गार्डन भेज दिया, हालांकि बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया। कांग्रेस की ओर से महिला कार्यकर्ता प्रतीकात्मक रूप से लाठियां लेकर मौजूद थीं ताकि भाजपा कार्यकर्ताओं का सामना किया जा सके।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कांग्रेस पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि प्रधानमंत्री आवास जैसे संवेदनशील सुरक्षा क्षेत्र की मर्यादा का उल्लंघन नहीं होना चाहिए। वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि उनके कार्यकर्ता शांतिप्रिय हैं, लेकिन अगर उनके कार्यालय पर हमला करने की कोशिश हुई तो वे इसका करारा जवाब देंगे।