Lucknow में बीजेपी नेता के स्वागत में हनुमान वेशभूषा पर विवाद, VHP ने जताई कड़ी आपत्ति
Lucknow : बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष नितिन नवीन के स्वागत कार्यक्रम के दौरान भगवान हनुमान की प्रतिकृति के इस्तेमाल को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। इस कार्यक्रम में हनुमान जी की वेशभूषा पहनकर एक कलाकार ने नृत्य किया, जिसका
Lucknow : बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष नितिन नवीन के स्वागत कार्यक्रम के दौरान भगवान हनुमान की प्रतिकृति के इस्तेमाल को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। इस कार्यक्रम में हनुमान जी की वेशभूषा पहनकर एक कलाकार ने नृत्य किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विरोध शुरू हो गया। विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने इसे धार्मिक मर्यादाओं के खिलाफ बताते हुए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
यह पूरी घटना नितिन नवीन के उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारी के लिए किए गए दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे के दौरान हुई। VHP के केंद्रीय मंत्री अंबरीश ने इस पर कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि भगवान हनुमान को किसी राजनीतिक दल के प्रदर्शन का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि धार्मिक प्रतीकों का उपयोग पूरी मर्यादा और सम्मान के साथ होना चाहिए, क्योंकि ऐसे आयोजनों से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं।
इस मामले ने अब कानूनी रूप भी ले लिया है। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के वकील और काउंसिल ऑफ लॉयर्स के चेयरमैन वासु रंजन ने चंडीगढ़ के पुलिस महानिदेशक (DGP) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को ईमेल भेजकर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कृत्य से करोड़ों हिंदुओं की भावनाएं आहत हुई हैं और उन्होंने संबंधित लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है।
राजनीतिक गलियारों में भी इस मुद्दे पर हलचल तेज है। आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता अरविंद केजरीवाल, संजय सिंह और आतिशी ने इस घटना की आलोचना की है। विपक्षी नेताओं का आरोप है कि भाजपा धार्मिक आस्था का अपमान कर रही है और अपने राजनीतिक उद्देश्यों के लिए धार्मिक प्रतीकों का इस्तेमाल कर रही है। फिलहाल इस पूरे विवाद और वायरल वीडियो पर भाजपा की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।