Lucknow में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच टकराव, पुलिस ने अजय राय समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया

Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार को सियासी माहौल गरमा गया। दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस के प्रदर्शन के विरोध में भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय की ओर मार्च निकालने निकले थे, ले

Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार को सियासी माहौल गरमा गया। दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस के प्रदर्शन के विरोध में भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय की ओर मार्च निकालने निकले थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें बीच रास्ते में ही बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर नारेबाजी और धक्का-मुक्की हुई।

यह पूरा विवाद दिल्ली की उस घटना से शुरू हुआ जहां 21 जुलाई को NEET पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन किया था। भाजपा ने इसे प्रधानमंत्री की सुरक्षा और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन बताया। इसी के जवाब में उत्तर प्रदेश भाजपा ने 22 जुलाई को लखनऊ में विरोध प्रदर्शन आयोजित किया था।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ता वीवीआईपी गेस्ट हाउस से कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय भी अपने कार्यकर्ताओं के साथ मुख्यालय पर मौजूद थे। हालात तब और तनावपूर्ण हो गए जब कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च करने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने इस प्रयास को नाकाम करते हुए अजय राय और अन्य कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया और उन्हें इको गार्डन भेज दिया। इस कार्रवाई के दौरान कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को चोटें भी आईं।

इस घटना पर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज रही। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दिल्ली के प्रदर्शन को गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए कहा कि मुद्दों पर चर्चा संसद में होनी चाहिए न कि सड़कों पर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि विरोध का अधिकार सबको है लेकिन यह संविधान के दायरे में होना चाहिए। वहीं, लखनऊ की महापौर सुषमा खरकवाल ने कांग्रेस से सार्वजनिक माफी की मांग की।

दूसरी ओर, हिरासत में लिए गए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शांतिप्रिय है लेकिन अगर कोई पार्टी कार्यालय पर हमला करने की कोशिश करेगा तो वे जवाब देने के लिए तैयार हैं।