Lucknow में सातवें बड़े मंगल की धूम, हनुमान मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भारी भीड़
Lucknow: राजधानी लखनऊ में आज सातवां बड़ा मंगल मनाया जा रहा है। शहर के तमाम हनुमान मंदिरों में तड़के सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लग गई हैं। चारों तरफ जयकारों और भजनों की गूंज है और गलियों में बड़े पैमाने पर भंडारों क
Lucknow: राजधानी लखनऊ में आज सातवां बड़ा मंगल मनाया जा रहा है। शहर के तमाम हनुमान मंदिरों में तड़के सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लग गई हैं। चारों तरफ जयकारों और भजनों की गूंज है और गलियों में बड़े पैमाने पर भंडारों की तैयारी चल रही है।
इस साल ज्येष्ठ मास में आठ बड़े मंगल पड़ रहे हैं, जो करीब 19 साल बाद बना एक दुर्लभ संयोग है। मान्यता है कि इस दौरान हनुमान जी की पूजा करने और सुंदरकांड व हनुमान चालीसा का पाठ करने से जीवन की मुश्किलें दूर होती हैं और साहस मिलता है। दक्षिण हनुमान मंदिर के पुजारी पंडित मोहित शुक्ला ने बताया कि सुबह 4 बजे से ही श्रद्धालु मंदिर पहुंचना शुरू हो गए थे।
शहर के अलीगंज पुराना हनुमान मंदिर, हनुमान सेतु, हनुमंत धाम, गुलाचीन मंदिर, लेटे हनुमान मंदिर और राजाजीपुरम हनुमान मंदिर जैसे प्रमुख केंद्रों पर भारी भीड़ है। लोग हनुमान जी को चोला चढ़ा रहे हैं और विशेष पूजा-अर्चना कर रहे हैं। स्थानीय पुजारी आचार्य कमल मिश्रा के अनुसार, इस वर्ष के आठ मंगलवार हनुमान जी की अष्ट सिद्धियों का प्रतीक हैं।
भीड़ और व्यवस्था को देखते हुए लखनऊ नगर निगम (LMC) और स्थानीय प्रशासन अलर्ट पर है। नगर निगम ने भंडारा लगाने वालों से पंजीकरण और स्वच्छता शुल्क लिया है। यातायात, भीड़ नियंत्रण और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए पुलिस और स्वयंसेवक तैनात किए गए हैं। इस बार आयोजकों को पर्यावरण का ध्यान रखने और गंदगी न फैलाने की सलाह दी गई है। भंडारों में आम लोगों के लिए मुफ्त भोजन, पानी और शरबत का वितरण किया जा रहा है और कई राजनीतिक नेता भी इन आयोजनों में शामिल हो रहे हैं।