Lucknow में BCA छात्रा की घर में गला रेतकर हत्या, क्लासमेट ने चाकू से किया हमला
Lucknow/Lucknow: राजधानी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां नरपत खेड़ा इलाके में एक 17 साल की BCA छात्रा की उसके ही घर में गला रेतकर हत्या कर दी गई। इस वारदात को छात्रा के सहपाठी औ
Lucknow/Lucknow: राजधानी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां नरपत खेड़ा इलाके में एक 17 साल की BCA छात्रा की उसके ही घर में गला रेतकर हत्या कर दी गई। इस वारदात को छात्रा के सहपाठी और प्रेमी ने अंजाम दिया, जो खुद भी गंभीर रूप से घायल हालत में मिला।
मृतका की पहचान स्मृति पाण्डेय के रूप में हुई है, जो टीएस मिश्रा कॉलेज में BCA प्रथम सेमेस्टर की छात्रा थी। आरोपी देवांश पाठक भी उसी कॉलेज और सेमेस्टर का छात्र है और आलम नगर का रहने वाला है। बताया गया कि दोनों के बीच पिछले दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। घटना के समय स्मृति घर में अकेली थी क्योंकि उसके माता-पिता अपने पैतृक गांव अमेठी गए हुए थे।
जब स्मृति की बड़ी बहन जाग्रति कॉलेज से वापस लौटी, तो उसने कमरे में स्मृति का खून से लथपथ शव देखा और पास ही घायल अवस्था में देवांश को पाया। जाग्रति के शोर मचाने पर परिवार और पुलिस को सूचना मिली। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो देखा कि देवांश खून में लथपथ हालत में मोबाइल चला रहा था। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किया गया सब्जी काटने वाला चाकू बरामद कर लिया है।
डीसीपी पश्चिम कमलेश दीक्षित ने बताया कि शुरुआती जांच में आशंका है कि युवक ने ही लड़की की हत्या की है। इंस्पेक्टर सुरेश सिंह के मुताबिक, देवांश पहले से ही हत्या की नीयत से चाकू लेकर आया था और करीब आधे घंटे में इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने घायल देवांश पाठक को लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे हिरासत में ले लिया गया है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए हैं। स्मृति के पिता शैलेन्द्र पाण्डेय भारतीय सेना से सेवानिवृत्त नायब सूबेदार हैं और वर्तमान में कानपुर में एनसीसी इंस्ट्रक्टर के पद पर कार्यरत हैं। पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है।