Lucknow में बैंक मैनेजर पर हमला, चेहरे पर फेंका ज्वलनशील पदार्थ, ट्रॉमा सेंटर में इलाज जारी

Lucknow: राजधानी के आलमबाग इलाके में मंगलवार शाम एक सनसनीखेज वारदात हुई। यहाँ एक बैंक की महिला शाखा प्रबंधक मनप्रीत कौर पर अज्ञात युवक ने ज्वलनशील पदार्थ फेंक कर हमला कर दिया। यह घटना शाम 7:00 से 7:30 बजे के बीच रेलवे कॉ

Lucknow: राजधानी के आलमबाग इलाके में मंगलवार शाम एक सनसनीखेज वारदात हुई। यहाँ एक बैंक की महिला शाखा प्रबंधक मनप्रीत कौर पर अज्ञात युवक ने ज्वलनशील पदार्थ फेंक कर हमला कर दिया। यह घटना शाम 7:00 से 7:30 बजे के बीच रेलवे कॉलोनी के पास हुई, जब महिला अपनी कार में बैठ रही थीं।

हमलावर ने पहले महिला की कार का शीशा खुलवाया और फिर उनके चेहरे पर केमिकल फेंका। हमला करने के बाद आरोपी उन्हें धमकी देकर मौके से फरार हो गया। इस हमले में मनप्रीत कौर का चेहरा करीब पांच प्रतिशत झुलस गया है और उनकी आंखों में भी चोटें आई हैं। उन्हें पहले अजंता अस्पताल ले जाया गया, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहाँ उनकी हालत अब सामान्य बताई जा रही है। शुरुआती जांच में शक है कि हमले में थिनर या नेल पॉलिश रिमूवर का इस्तेमाल हुआ है, जिसकी पुष्टि फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद होगी।

पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि मनप्रीत कौर का अपने पति से कुछ सालों से पारिवारिक विवाद चल रहा है। हालांकि, पीड़िता ने कहा है कि उन्हें नहीं पता कि हमला किसने करवाया, लेकिन हमलावर को उनकी दिनचर्या और कार पार्किंग की सटीक जानकारी थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर और एसीपी कैंट सुजीत दुबे समेत अन्य अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमें बनाई हैं और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस पारिवारिक विवाद, व्यक्तिगत रंजिश और पेशेवर कारणों समेत सभी एंगल से जांच कर रही है। हालांकि अभी तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन पुलिस अपनी कार्रवाई जारी रखे हुए है।