Lucknow में कर्ज के दबाव में युवक ने की आत्महत्या, अमीनाबाद चौराहे पर शव रखकर परिजनों का प्रदर्शन
Lucknow: राजधानी के नाका हिंडोला थाना क्षेत्र में कर्ज के बोझ से परेशान एक युवक ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने मंगलवार शाम अमीनाबाद चौराहे पर मृतक का शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया और सरकार से
Lucknow: राजधानी के नाका हिंडोला थाना क्षेत्र में कर्ज के बोझ से परेशान एक युवक ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने मंगलवार शाम अमीनाबाद चौराहे पर मृतक का शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया और सरकार से आर्थिक मदद की मांग की।
मृतक की पहचान अजय गुप्ता के रूप में हुई है, जो अमीनाबाद इलाके में बताशे का ठेला लगाकर अपना गुजारा करता था। परिजनों का आरोप है कि अजय कर्जदारों और वसूली करने वालों से बहुत ज्यादा परेशान था। मृतक के भतीजे साहिल ने बताया कि एक फड़ संचालक अजय से रोजाना 300 से 400 रुपये वसूलता था और पैसे न देने पर उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। इसके अलावा घर की जरूरतों को पूरा करने के लिए परिवार ने कुछ सूदखोरों से भी कर्ज लिया था, जिसे चुकाना अजय के लिए मुश्किल हो रहा था।
यह दुखद घटना नाका हिंडोला थाना क्षेत्र के फतेहगंज गल्ला मंडी, दुगांवा स्थित एक मकान में हुई। जैसे ही सूचना मिली, स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने साक्ष्यों को इकट्ठा करने के लिए फील्ड यूनिट को भी बुलाया था। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारणों की गहराई से जांच की जाएगी।