Lucknow एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की मिली धमकी, कानपुर से आरोपी गिरफ्तार, सर्च ऑपरेशन में नहीं मिला कुछ
Lucknow: चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट (अमौसी एयरपोर्ट) को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। शुक्रवार रात करीब 11:50 बजे डायल 112 पर एक कॉल आया था जिसमें एयरपोर्ट को उड़ाने की बात कही गई थी। इसके बाद स
Lucknow: चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट (अमौसी एयरपोर्ट) को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। शुक्रवार रात करीब 11:50 बजे डायल 112 पर एक कॉल आया था जिसमें एयरपोर्ट को उड़ाने की बात कही गई थी। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत एक्शन लिया और पूरे एयरपोर्ट परिसर की गहन तलाशी ली गई।
धमकी मिलते ही पुलिस, CISF, बम निरोधक दस्ता (Bomb Disposal Squad), डॉग स्क्वॉड और फायर ब्रिगेड की टीमों को अलर्ट कर दिया गया था। शनिवार रात 12:10 से 1:05 बजे के बीच एयरपोर्ट के हर कोने, एंट्री पॉइंट्स, सामान स्कैनर्स और कार्गो टर्मिनल की बारीकी से जांच की गई। इस पूरे सर्च ऑपरेशन के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला, जिसके बाद इस धमकी को फर्जी (Hoax) करार दिया गया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कॉल करने वाले मोबाइल नंबर को ट्रेस किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया व्यक्ति कानपुर के बिधूना (जैसिंहपुर) का रहने वाला 30 वर्षीय श्याम सुंदर है। पुलिस ने रविवार सुबह सरोजनी नगर थाने में आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज की है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने इस फर्जी कॉल के पीछे क्या मकसद रखा था। हालांकि मामला फर्जी निकला, लेकिन एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।