Lucknow में 5 साल के बच्चे को क्लास मॉनिटर ने बेरहमी से पीटा, CCTV में कैद हुई घटना
Lucknow: राजधानी के पीजीआई थाना क्षेत्र में स्थित एएलएस अकादमी स्कूल से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां नर्सरी में पढ़ने वाले एक 5 साल के मासूम बच्चे को उसकी ही क्लास की मॉनिटर छात्रा ने बेरहमी से पीटा। यह
Lucknow: राजधानी के पीजीआई थाना क्षेत्र में स्थित एएलएस अकादमी स्कूल से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां नर्सरी में पढ़ने वाले एक 5 साल के मासूम बच्चे को उसकी ही क्लास की मॉनिटर छात्रा ने बेरहमी से पीटा। यह पूरी घटना स्कूल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके बाद इलाके में काफी गुस्सा है।
घटना 16 जुलाई 2026 की है। उस समय कक्षा की टीचर किसी काम से क्लास से बाहर गई थीं और उन्होंने बच्चों को सिर नीचे करके बैठने को कहा था। जैसे ही 5 साल के बच्चे ने अपना सिर उठाया, क्लास मॉनिटर दौड़कर उसके पास पहुंची और उसे एक के बाद एक कई थप्पड़ मारे। वीडियो में दिख रहा है कि मॉनिटर ने बच्चे का सिर जबरदस्ती बेंच पर दबाने की कोशिश भी की। यह पिटाई करीब 10 से 12 मिनट तक चलती रही।
बच्चे के माता-पिता ने जब उसके चेहरे पर चोट के निशान देखे तो वे तुरंत स्कूल पहुंचे। सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद उन्होंने पीजीआई पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। बच्चे की हालत खराब होने के कारण उसे पीजीआई ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराना पड़ा। इस घटना से आहत होकर माता-पिता ने अपने बच्चे का नाम स्कूल से कटवा लिया है।
स्कूल प्रशासन ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी छात्रा को स्कूल से निकाल दिया है। वहीं पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि टीचर की अनुपस्थिति में बच्चों की देखरेख में कितनी लापरवाही हुई। पीड़ित परिवार ने मांग की है कि जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई हो ताकि भविष्य में किसी और बच्चे के साथ ऐसा न हो।