Lucknow में बिजली कटौती पर बवाल, ऐशबाग पावर हाउस में तोड़फोड़; CCTV से होगी उपद्रवियों की पहचान

UP/Lucknow : लखनऊ के ऐशबाग इलाके में भीषण गर्मी के बीच तीन दिनों से बिजली न होने पर लोगों का सब्र टूट गया। शुक्रवार देर रात करीब 300 से 400 लोगों की भीड़ ने ऐशबाग पावर हाउस पर हमला बोल दिया, जहां जमकर तोड़फोड़ की गई और क

UP/Lucknow : लखनऊ के ऐशबाग इलाके में भीषण गर्मी के बीच तीन दिनों से बिजली न होने पर लोगों का सब्र टूट गया। शुक्रवार देर रात करीब 300 से 400 लोगों की भीड़ ने ऐशबाग पावर हाउस पर हमला बोल दिया, जहां जमकर तोड़फोड़ की गई और कर्मचारियों के साथ मारपीट हुई।

यह पूरा मामला 1 जुलाई से खराब पड़े एक पावर ट्रांसफार्मर की वजह से शुरू हुआ, जिससे इलाके के करीब 10 हजार उपभोक्ता अंधेरे में थे। गुस्साए लोग रामनगर, धोबीघाट, जल संस्थान, खजुआ और पीली कॉलोनी जैसे इलाकों से आए थे। भीड़ ने पावर हाउस का गेट तोड़ दिया और अंदर घुसकर टेबल, कुर्सी और शिकायत रजिस्टर जैसी चीजों को नुकसान पहुंचाया। इस दौरान ड्यूटी पर मौजूद ऑपरेटर आनंद वर्मा के साथ मारपीट की गई, जबकि जूनियर इंजीनियर और एसडीओ अपनी जान बचाने के लिए वहां से भाग निकले। बाद में सुपरिटेंडिंग इंजीनियर के.के. चौधरी मौके पर पहुंचे। भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

इस घटना के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। एग्जीक्यूटिव इंजीनियर आनंद प्रकाश की रिपोर्ट पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इंस्पेक्टर बृजेश सिंह ने बताया कि पावर हाउस में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि दंगाइयों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।

बिजली विभाग ने अब समस्या को ठीक करने के लिए कदम उठाए हैं। एग्जीक्यूटिव इंजीनियर जय प्रकाश के मुताबिक, खराब 10 MVA ट्रांसफार्मर को बदलने का काम शुरू किया गया है। इस वजह से शनिवार 4 जुलाई और रविवार 5 जुलाई को ऐशबाग क्षेत्र में 8-8 घंटे की बिजली कटौती का शेड्यूल रखा गया, जिससे करीब 3,200 उपभोक्ता प्रभावित हुए।