Lucknow एयरपोर्ट पर बम की झूठी सूचना देने वाला कानपुर का युवक गिरफ्तार, शराब के नशे में किया था कॉल

Lucknow: चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बम होने की झूठी खबर फैलाने वाले एक शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कानपुर का रहने वाला है और उसने शराब के नशे में पुलिस कंट्रोल रूम को फोन करके यह अफवाह फैलाई थी।

Lucknow: चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बम होने की झूठी खबर फैलाने वाले एक शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कानपुर का रहने वाला है और उसने शराब के नशे में पुलिस कंट्रोल रूम को फोन करके यह अफवाह फैलाई थी। इस एक कॉल की वजह से एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया था और सुरक्षा एजेंसियों को पूरी रात अलर्ट रहना पड़ा था।

घटना शुक्रवार रात करीब 11:45 बजे की है जब डायल 112 पर एक कॉल आया और एयरपोर्ट पर बम होने की सूचना दी गई। इसके तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियां एक्टिव हो गईं। एयरपोर्ट की सुरक्षा के लिए CISF, बम निरोधक दस्ता (Bomb Disposal Squad), डॉग स्क्वायड और फायर ब्रिगेड की टीमों को बुलाया गया। रात 12 बजे से 1 बजे के बीच पूरे एयरपोर्ट परिसर, कार्गो टर्मिनल और सभी एंट्री गेट्स की गहन तलाशी ली गई, लेकिन कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

सरोजिनी नगर पुलिस स्टेशन की सब-इंस्पेक्टर निशू चौधरी ने मोबाइल नंबर के आधार पर शिकायत दर्ज कराई थी। ADCP साउथ रल्लपल्ली वसंत कुमार ने बताया कि पुलिस ने सर्विलांस की मदद से मोबाइल नंबर को ट्रैक किया, जिससे आरोपी की लोकेशन कानपुर में मिली। इसके बाद रविवार सुबह पुलिस ने कानपुर के बिधूना, जयसिंहपुर निवासी 30 वर्षीय श्याम सुंदर (पुत्र राज किशोर) को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी श्याम सुंदर ने कबूल किया कि उसने शराब के नशे में यह फर्जी कॉल किया था। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस कॉल के पीछे कोई और मकसद तो नहीं था या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा तो नहीं था। पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि इमरजेंसी सेवाओं को गलत जानकारी देना एक गंभीर अपराध है। इससे सुरक्षा एजेंसियों का समय और संसाधन बर्बाद होते हैं, इसलिए ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।