Lucknow में आज होगा 42वां भोजपुरी महोत्सव, पंकज चौधरी और केशव मौर्य समेत कई दिग्गज नेता होंगे शामिल
Lucknow: राजधानी लखनऊ में आज शनिवार को 42वां भोजपुरी महोत्सव आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम हजरतगंज स्थित लोक निर्माण मुख्यालय के विश्वेश्वरैया प्रेक्षागृह में दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक चलेगा। अखिल भारतीय भोजपुरी समाज
Lucknow: राजधानी लखनऊ में आज शनिवार को 42वां भोजपुरी महोत्सव आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम हजरतगंज स्थित लोक निर्माण मुख्यालय के विश्वेश्वरैया प्रेक्षागृह में दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक चलेगा। अखिल भारतीय भोजपुरी समाज द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय करेंगे।
इस महोत्सव में मुख्य अतिथि के तौर पर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी शिरकत करेंगे। कार्यक्रम के दौरान कई बड़े नेताओं और हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, सांसद मनोज तिवारी, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह को ‘भोजपुरी शिरोमणि सम्मान’ दिया जाएगा। इसके अलावा महापौर सुषमा खर्कवाल और अन्य समाजसेवियों व पत्रकारों को ‘भोजपुरी रत्न सम्मान’ और उल्लेखनीय योगदान देने वालों को ‘भोजपुरी गौरव सम्मान’ से नवाजा जाएगा।
महोत्सव में कला और संगीत का संगम देखने को मिलेगा, जहां 100 से अधिक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसमें सांसद मनोज तिवारी के साथ लोकगायक गोपाल राय, असम की कल्पना पटवारी, अवधेश, सुरेश कुशवाहा, एसपी चौहान और संतोष कुमार बनारसी जैसे कलाकार शामिल होंगे।
आयोजकों के मुताबिक इस कार्यक्रम का मकसद भोजपुरी भाषा, संस्कृति, लोक कला और साहित्य को बचाए रखना और उसे बढ़ावा देना है। साथ ही इस कोशिश का उद्देश्य भोजपुरी विरासत को आम लोगों तक पहुंचाना है।